best news portal development company in india

आजमगढ़: शादी में खाने को लेकर विवाद, युवक की पीट-पीटकर हत्या; चार अन्य घायल

SHARE:

महनाजपुर थाना क्षेत्र के डंडवल गांव में विवाह समारोह के दौरान हुआ बवाल, लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला।

आजमगढ़। जिले के महनाजपुर थाना क्षेत्र के डंडवल गांव में एक विवाह समारोह के दौरान भोजन परोसने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। देर रात हुई मारपीट में एक 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान देवगांव कोतवाली क्षेत्र के सराय खुरसू गांव निवासी 20 वर्षीय प्रीतोष राजभर के रूप में हुई है। घायलों में ओटू, लक्ष्मण, अजय और महानंद शामिल हैं, जिनका विभिन्न अस्पतालों में उपचार चल रहा है।

सब्जी कम परोसने को लेकर शुरू हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार, सराय खुरसू गांव के ग्राम प्रधान श्याम कन्हैया का पुत्र आनंद राजभर अपने मित्र गौरव पांडे की बहन की शादी में शामिल होने डंडवल गांव गया था। देर रात भोजन के दौरान सब्जी कम परोसने को लेकर उसका कुछ लोगों से विवाद हो गया। पहले दोनों पक्षों में कहासुनी हुई और फिर एक-दूसरे को देख लेने की धमकी देकर मामला बढ़ गया।

फोन कर साथियों को बुलाया, फिर हुआ हमला

बताया जा रहा है कि विवाद के बाद आनंद राजभर ने फोन कर अपने गांव से प्रीतोष राजभर, ओटू, लक्ष्मण, अजय और महानंद को बुला लिया। सभी युवक बाइक से शादी समारोह में पहुंचे। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद लोगों ने उन पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया।

हमले में सभी युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद समारोह में मौजूद लोगों में भगदड़ और अफरा-तफरी मच गई।

वाराणसी ले जाते समय हुई प्रीतोष की मौत

घायलों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से प्रीतोष और ओटू की हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। अजय और महानंद को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कर उपचार शुरू किया गया।

प्रीतोष को आजमगढ़ के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर, वाराणसी रेफर किया गया। लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। वहीं ओटू का इलाज लालगंज के अस्पताल में जारी है।

पुलिस जांच में जुटी, एक व्यक्ति हिरासत में

घटना की सूचना मिलने पर महनाजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पूछताछ के लिए एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। बुधवार को पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार भी घटनास्थल पहुंचे और अधिकारियों को मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

Pelli Poola Jada
best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई