बारात रोककर मारपीट करने के मामले में पांच वांछित गिरफ्तार, घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा बरामद
जीयनपुर (आजमगढ़)। थाना जीयनपुर पुलिस ने बारात रोककर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पांच वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक बांस का डंडा भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 25 जून 2026 को जहानागंज थाना क्षेत्र के नाजिरपुर निवासी राणा प्रताप राजभर ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनकी बारात को रास्ते में रोककर कुछ लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर मारपीट की। विरोध करने पर गाली-गलौज की गई तथा जान से मारने की धमकी भी दी गई। इस संबंध में थाना जीयनपुर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत 17 जुलाई को पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर बागखालिस पेट्रोल पंप के पास से पांचों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान अभियुक्त चंदन राजभर के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक बांस का डंडा भी बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान दाउदपुर, थाना जीयनपुर निवासी शिवधन राजभर (24), रामजनम राजभर (23), भोला राजभर (24), जितई उर्फ जितेंद्र राजभर (27) तथा चंदन राजभर (28) के रूप में हुई है।
पुलिस ने सभी आरोपितों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश कर दिया है।








