प्रसूता की मौत मामले में बड़ी कार्रवाई, राजेश हॉस्पिटल का संचालक गिरफ्तार
आजमगढ़, बिलरियागंज। बिलरियागंज थाना क्षेत्र स्थित राजेश हॉस्पिटल में इलाज में कथित लापरवाही के चलते प्रसूता की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अस्पताल संचालक राजेश गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार शाहडीह निवासी रामसिंह साहनी ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि 12 जुलाई को उनकी बहू कौशिल्या को प्रसव पीड़ा होने पर बिलरियागंज स्थित राजेश हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। आरोप है कि ऑपरेशन के बाद उसकी तबीयत लगातार बिगड़ती रही, लेकिन अस्पताल प्रबंधन ने समय पर समुचित इलाज नहीं किया। हालत गंभीर होने पर उसे दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने अस्पताल पर फर्जी तरीके से संचालन करने तथा इलाज में गंभीर लापरवाही बरतने का भी आरोप लगाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए बिलरियागंज थाने में मुकदमा अपराध संख्या 188/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 तथा राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग अधिनियम, 2019 की धारा 34 में मुकदमा दर्ज किया गया।
थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा के निर्देशन में उपनिरीक्षक संतोष कुमार यादव एवं पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर महराजगंज रोड स्थित राजेश मेडिकल स्टोर से आरोपी राजेश गुप्ता (54 वर्ष), निवासी राहुल नगर, बिलरियागंज को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी ने कोई बयान देने से इनकार कर दिया।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और विवेचना में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।








