best news portal development company in india

बरईपुर में अज्ञात कारणों से घर में लगी आग, गृहस्थी का सामान, नगदी व जेवर समेत लाखों की संपत्ति राख

SHARE:

बरईपुर में अज्ञात कारणों से घर में लगी आग, गृहस्थी का सामान, नगदी व जेवर समेत लाखों की संपत्ति राख

मार्टिनगंज (आजमगढ़)। दीदारगंज थाना क्षेत्र के बरईपुर गांव में सोमवार देर शाम अज्ञात कारणों से एक मकान में आग लग गई। आग की चपेट में आने से गृहस्थी का सामान, नगदी और जेवर समेत करीब 10 लाख रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। घटना के समय घर पर कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार बरईपुर निवासी फिरोज अहमद पुत्र रमजान किसी कार्य से सुल्तानपुर गए हुए थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य धान की रोपाई के लिए खेत में थे। इसी दौरान घर से धुआं और आग की लपटें उठती देख ग्रामीणों ने परिवार को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा कमरे का ताला तोड़कर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

हालांकि तब तक घर में रखा बेड, सोफा, फ्रिज, वाशिंग मशीन, अलमारी, कूलर, दो बक्से, गद्दे, रजाई, कंबल, सिलाई मशीन, सिंगारदान, 10 हजार रुपये नकद तथा जेवर सहित अन्य घरेलू सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो चुका था।

पीड़ित फिरोज अहमद ने बताया कि आग से करीब 10 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है, हालांकि परिजन शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जता रहे हैं।

घटना की सूचना स्थानीय पुलिस और हल्का लेखपाल को दे दी गई है। हल्का लेखपाल बृजेश कुमार ने मौके पर पहुंचकर क्षति का आकलन किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Comment

Pelli Poola Jada
best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई