लालगंज तहसील परिसर में दो पक्षों के बीच मारपीट, एक हिरासत में
लालगंज (आजमगढ़)। लालगंज तहसील परिसर में शुक्रवार को भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। घटना उपजिलाधिकारी कार्यालय के बाहर हुई, जिससे कुछ देर के लिए परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एक पक्ष के व्यक्ति को हिरासत में लेकर देवगांव कोतवाली भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, देवगांव कोतवाली क्षेत्र के चिरकिहिट गांव निवासी कंचन पाठक ने लगभग एक वर्ष पूर्व उर्मिला पत्नी राम आलम राय से करीब एक बीघा भूमि की रजिस्ट्री कराई थी। इसी भूमि को लेकर रामवृक्ष पुत्र संता प्रसाद और रामाश्रय राय पुत्र संता प्रसाद राय ने न्यायालय से स्थगन आदेश प्राप्त कर रखा है।
रामवृक्ष का आरोप है कि स्थगन आदेश के बावजूद कंचन पाठक विवादित भूमि पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। इसी मामले में दोनों पक्ष अपने-अपने अधिवक्ताओं के साथ शुक्रवार को उपजिलाधिकारी लालगंज के समक्ष पहुंचे।
सुनवाई के दौरान उपजिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जब तक स्थगन आदेश प्रभावी है, तब तक कोई भी पक्ष विवादित भूमि पर कोई कार्य नहीं करेगा। आरोप है कि कार्यालय से बाहर निकलने के बाद दोनों पक्षों के बीच फिर विवाद शुरू हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। इस दौरान एक अधिवक्ता और उनके पक्षकार के साथ भी हाथापाई की बात सामने आई, जिससे तहसील परिसर में हंगामा मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही लालगंज पुलिस चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने एक पक्ष के व्यक्ति को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई के लिए देवगांव कोतवाली भेज दिया। मामले की जांच की जा रही है।








