तीन राज्यों में भारी बारिश का कहर, गुजरात में बाढ़ से हालात गंभीर; यूपी में 10 नदियां उफान पर
नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। गुजरात, असम और उत्तर प्रदेश में बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। गुजरात के कई जिले सबसे अधिक प्रभावित हैं, जहां निचले इलाकों में पानी भरने से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए राहत एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
गुजरात के वलसाड जिले के उमरगाम तालुका में महज 16 घंटे में 43 इंच बारिश दर्ज की गई, जिससे कई निचले इलाके जलमग्न हो गए। नवसारी में बाढ़ में फंसे लोगों को हेलिकॉप्टर की मदद से एयरलिफ्ट किया गया। कई स्थानों पर घर पहली मंजिल तक पानी में डूब गए हैं। अहमदाबाद और सूरत में भी सड़कों और रिहायशी इलाकों में जलभराव से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सुरेंद्रनगर जिले में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) ने बाढ़ में फंसे 67 लोगों का सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर उन्हें नावों के जरिए सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। कई रिहायशी कॉलोनियों में ग्राउंड फ्लोर तक पानी भर जाने से लोगों को घर छोड़ने पड़े हैं।
असम में भी लगातार बारिश के कारण हालात बिगड़ गए हैं। कई इलाकों में बाजार और पेट्रोल पंप पानी में डूब गए हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है।
वहीं उत्तर प्रदेश में पिछले 10 दिनों से जारी बारिश के चलते गंगा, यमुना समेत 10 प्रमुख नदियां उफान पर हैं। सीतापुर में बाढ़ का पानी सड़कों तक पहुंच गया है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन के लिए नाव का सहारा लेना पड़ रहा है। प्रशासन प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रख रहा है और राहत कार्य जारी हैं।








