best news portal development company in india

महिला से मारपीट कर गंभीर रूप से घायल करने का आरोपी गिरफ्तार, तरवां पुलिस की कार्रवाई

SHARE:

महिला से मारपीट कर गंभीर रूप से घायल करने का आरोपी गिरफ्तार, तरवां पुलिस की कार्रवाई

आजमगढ़, 24 जुलाई 2026। तरवां थाना पुलिस ने महिला से मारपीट कर गंभीर रूप से घायल करने के मामले में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया। आरोपी की गिरफ्तारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।

पुलिस के अनुसार, 6 जून 2026 को समशुदिन निवासी ग्राम ऐरा खुर्द ने थाना तरवां में तहरीर देकर बताया था कि 29 मई 2026 की शाम करीब सात बजे उनके पट्टीदार नौशाद, भुवर और सदरु निशा उनके घर के सामने गाली-गलौज कर रहे थे। जब उनकी पुत्री समीना ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने एकराय होकर उसके साथ लाठी-डंडों और लात-घूंसों से मारपीट की। घटना में समीना गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी।

तहरीर के आधार पर थाना तरवां में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान साक्ष्यों के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की अन्य धाराएं भी बढ़ाई गईं।

पुलिस ने बताया कि शुक्रवार को उपनिरीक्षक कृष्ण कुमार मिश्रा अपनी टीम के साथ क्षेत्र में मौजूद थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर उचहुआ-चिरैयाकोट तिराहे के पास से आरोपी नौशाद (32 वर्ष), निवासी ग्राम ऐरा कला, थाना तरवां को गिरफ्तार कर लिया गया। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक कृष्ण कुमार मिश्रा, कांस्टेबल श्रीविलाश तथा कांस्टेबल जितेन्द्र निषाद शामिल रहे।

Leave a Comment

Pelli Poola Jada
best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई