पश्चिम चंपारण: रिपोर्ट मोहम्मद इम्तियाज
पश्चिम चंपारण के बगहा से खबर है, जहां दैनिक वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर नगर परिषद के सफाई कर्मियों ने शनिवार को हड़ताल कर दी। वार्ड संख्या 1 से 25 तक सफाई कार्य पूरी तरह ठप रहा। इसके बाद सफाई कर्मियों ने अनुमंडल कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन करते हुए धरना दिया। कर्मियों का आरोप है कि वर्षों से कम मजदूरी और अनियमित भुगतान के कारण उनका परिवार चलाना मुश्किल हो गया है

बगहा नगर परिषद के सफाई कर्मियों ने दैनिक वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर शनिवार को नगर के सभी 25 वार्डों में सफाई कार्य बंद कर दिया। सफाई ठप होने से शहर के कई इलाकों में कचरे का उठाव प्रभावित रहा। इसके बाद सभी सफाई कर्मी अनुमंडल कार्यालय के समक्ष एकत्र होकर धरने पर और अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया।
धरने पर सफाई कर्मियों ने बताया कि वे पिछले आठ वर्षों से नगर परिषद में कार्यरत हैं, लेकिन आज भी उन्हें मात्र 350 रुपये प्रतिदिन की दर से भुगतान किया जाता है। उनका कहना है कि बारिश या रविवार के दिन भी मजदूरी काट ली जाती है और भुगतान भी समय पर नहीं मिलता। महंगाई के दौर में इतनी कम मजदूरी में परिवार का भरण-पोषण करना बेहद कठिन हो गया है।
सफाई कर्मी पूनिया देवी, धर्मेंद्र कुमार, प्रभु कुमार सहित अन्य ने मांग की कि उन्हें कम से कम 15 हजार रुपये मासिक वेतन दिया जाए तथा समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक नगर में सफाई कार्य बंद रहेगा।
वहीं नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी सरोज कुमार बैठा ने कहा कि सरकार द्वारा जो राशि निर्धारित की गई है, उसी के अनुसार सफाई कर्मियों को भुगतान किया जा रहा है और नगर में सफाई व्यवस्था संचालित की जा रही है








