best news portal development company in india

सुपौल पुलिस का बड़ा खुलासा: 2 लाख लूटकांड का 24 घंटे में पर्दाफाश, हथियार और कारतूस के साथ कुख्यात अपराधी गिरफ्तार!

SHARE:

सुपौल पुलिस का बड़ा खुलासा: 2 लाख लूटकांड का 24 घंटे में पर्दाफाश, हथियार और कारतूस के साथ कुख्यात अपराधी गिरफ्तार

सुपौल पुलिस ने जदिया थाना क्षेत्र में मवेशी व्यापारी से दो लाख रुपये की लूट की सनसनीखेज वारदात का महज 24 घंटे के भीतर सफल उद्भेदन कर बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक कुख्यात अपराधी को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से एक देशी मास्केट, नौ जिंदा कारतूस तथा लूट की बची हुई 13,500 रुपये की नकदी बरामद की गई है।
गुरुवार (6 अगस्त 2026) को पुलिस अधीक्षक शरथ आर एस ने प्रेसवार्ता में बताया कि बुधवार, 5 अगस्त की सुबह जदिया थाना क्षेत्र के पाण्डेयपट्टी पेट्रोल पंप के समीप एक मवेशी व्यापारी से दो लाख रुपये की लूट की घटना हुई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एएसपी सह एसडीपीओ विभाष कुमार के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया।


एसआईटी ने वैज्ञानिक अनुसंधान, ह्यूमन इंटेलिजेंस, तकनीकी साक्ष्यों एवं सूचना संकलन के आधार पर कार्रवाई करते हुए गुरुवार तड़के करीब तीन बजे अररिया जिले के भरगामा थाना क्षेत्र के छर्रापट्टी वार्ड-9 निवासी मोहम्मद नसरुद्दीन के पुत्र मोहम्मद शहाबुद्दीन को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर उसके घर से एक देशी मास्केट, नौ जिंदा कारतूस और लूट की बची हुई 13,500 रुपये की राशि बरामद की गई। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार अपराधी ने घटना में शामिल अन्य साथियों के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी दी है। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। एएसपी विभाष कुमार ने बताया कि शहाबुद्दीन का आपराधिक इतिहास रहा है तथा उसके खिलाफ अररिया और किशनगंज जिलों में कई मामले दर्ज हैं। वह पहले भी जेल जा चुका है।
इस कार्रवाई में जदिया थानाध्यक्ष राजकिशोर मंडल, राजेश्वरी थानाध्यक्ष युगल किशोर, एसआई सुधांशु कुमार, एएसआई प्रमोद मुवर, जिला डीआईयू टीम एवं पुलिस बल के अन्य जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का दावा है कि घटना के करीब दो घंटे के भीतर ही अपराधियों की पहचान कर ली गई थी, जिसके आधार पर यह त्वरित सफलता मिली।

Leave a Comment

Pelli Poola Jada
best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई