जलेबी में घुला मखाने का स्वाद, आजादी के जश्न में कटिहार का नया प्रयोग
जलेबी तो आपने खूब खाई होगी, लेकिन क्या कभी मखाना जलेबी का स्वाद चखा है ? इस बार स्वतंत्रता दिवस के मौके पर कटिहार में कुछ ऐसा ही नया प्रयोग होने जा रहा है। यहां जलेबी में अब मखाने का स्वाद घोलकर इसे लोगों तक पहुंचाने की तैयारी है। कटिहार की पहचान अब बिहार के बड़े मखाना हब के तौर पर बन रही है।

ऐसे में मखाना सिर्फ खेत और मंडी तक सीमित न रहे बल्कि इससे जुड़े नए और वैल्यू एडेड प्रोडक्ट तैयार हों, इसी सोच के साथ जिला प्रशासन और संस्था से जुड़े लोग इस खास पहल में जुटे हैं। कटिहार के हसनगंज प्रखंड के पिपरा में महिला समूह की सदस्य मखाना जलेबी तैयार कर रही हैं। कोशिश है कि पारंपरिक जलेबी को मखाने से जोड़कर एक ऐसा नया स्वाद तैयार किया जाए जो स्थानीय लोगों के साथ-साथ बाहर के बाजार में भी अपनी पहचान बना सके।

महिला समूह की मानें तो मखाना जलेबी तैयार करने का मकसद सिर्फ नया स्वाद देना नहीं बल्कि मखाना उत्पादन से जुड़े किसानों और महिलाओं के लिए रोजगार और कमाई के नए रास्ते खोलना भी है। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर इस खास जलेबी को लोगों के सामने पेश करने की तैयारी चल रही है। यानी इस बार कटिहार में आजादी का जश्न मिठास के साथ मखाने के स्वाद में भी घुला नजर आएगा।








