नल-जल योजना की बदहाली पर युवा कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन, एक सप्ताह में सुधार नहीं तो आंदोलन की दी चेतावनी
सुपौल। सुपौल सदर प्रखंड की विभिन्न पंचायतों में नल-जल योजना की जर्जर एवं दयनीय स्थिति को लेकर युवा कांग्रेस ने विभाग का ध्यान आकृष्ट कराया है। बिहार प्रदेश युवा कांग्रेस के सचिव लक्ष्मण कुमार झा ने संबंधित पीएचईडी विभाग के स्कूटी इंजीनियर को ज्ञापन सौंपकर नल-जल योजना की व्यवस्था को शीघ्र दुरुस्त कराने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आम जनता की समस्या को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन किया जाएगा।

ज्ञापन में कहा गया है कि सदर प्रखंड के बरूआरी, परसरमा-परसौनी, गोठ बरूआरी, बलहा, बेरो और एकमा पंचायत समेत प्रखंड की सभी पंचायतों में नल-जल योजना की स्थिति काफी खराब है। कई वार्डों में पाइपलाइन, नल, मोटर एवं योजना से जुड़े अन्य आवश्यक उपकरण लंबे समय से खराब पड़े हैं। इसके कारण ग्रामीणों को नियमित रूप से शुद्ध पेयजल उपलब्ध नहीं हो पा रहा है और उन्हें पेयजल के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
लक्ष्मण कुमार झा ने कहा कि सरकार की महत्वपूर्ण नल-जल योजना का उद्देश्य ग्रामीणों के घरों तक नियमित एवं स्वच्छ पेयजल पहुंचाना है, लेकिन विभागीय स्तर पर उचित देखरेख और समय पर मरम्मत नहीं होने के कारण कई जगहों पर योजना का लाभ लोगों को नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने विभाग से सदर प्रखंड की सभी पंचायतों के प्रत्येक वार्ड में नल-जल योजना की स्थलीय जांच कराने की मांग की।
उन्होंने कहा कि जांच के दौरान जहां भी पाइपलाइन, मोटर, नल या अन्य उपकरणों में खराबी मिले, वहां तत्काल मरम्मत कराकर नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने विभाग से इस मामले में गंभीरता से कार्रवाई करने की अपील की।

युवा कांग्रेस नेता ने स्पष्ट कहा कि ग्रामीणों को मूलभूत सुविधा से वंचित रखना उचित नहीं है। यदि ज्ञापन सौंपे जाने के एक सप्ताह के अंदर नल-जल योजना से जुड़ी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आम जनता के हित में लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन किया जाएगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग एवं प्रशासन की होगी।
सुपौल रिपोर्ट:-अल्ताफ राजा








