आजमगढ़ परिक्षेत्र में अपराध नियंत्रण को लेकर DIG के सख्त निर्देश
आजमगढ़। आजमगढ़ परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक सुनील कुमार सिंह ने पुलिस लाइन बलिया में समीक्षा गोष्ठी आयोजित कर परिक्षेत्र के सभी जनपदों के क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों को अपराध नियंत्रण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
DIG ने महिला अपराध, हत्या, लूट, डकैती, गैंगरेप, गौ तस्करी, वाहन चोरी और मादक पदार्थों की तस्करी जैसे मामलों में शामिल अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने को कहा। गंभीर अपराधों में संलिप्त आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से अर्जित संपत्ति को जब्त करने की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए गए।
विवेचनाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए ई-साक्ष्य ऐप के माध्यम से घटनास्थल की फोटो, वीडियो और जियो-टैगिंग कराने पर जोर दिया गया। वहीं अपराधियों की निगरानी के लिए यक्ष ऐप पर हिस्ट्रीशीटरों से संबंधित जानकारी अपडेट रखने के निर्देश दिए गए।
DIG ने ऑपरेशन दृष्टि के तहत सीसीटीवी कवरेज बढ़ाने, सोशल मीडिया पर भ्रामक एवं राष्ट्रविरोधी सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने और मुख्य बाजारों व हाईवे पर रात के समय पुलिस गश्त एवं चेकिंग बढ़ाने को कहा।
इसके अलावा अवैध शराब, ओवरलोड वाहनों और गौ तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश दिए गए। IGRS से प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण, मिशन शक्ति के तहत महिला जागरूकता कार्यक्रम और आगामी त्योहारों को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर भी विशेष जोर दिया गया।
DIG ने 60 दिन से अधिक लंबित विवेचनाओं की समीक्षा कर उन्हें गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से अपराध नियंत्रण के साथ-साथ पुलिसिंग में जवाबदेही और पारदर्शिता बनाए रखने को कहा।








