प्राथमिक विद्यालय ऊंची जलायपुर में डीएम का निरीक्षण, बच्चों के बीच बैठकर परखी पढ़ाई की गुणवत्ता
रानी की सराय, आजमगढ़। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने शुक्रवार को विकासखंड रानी की सराय स्थित प्राथमिक विद्यालय ऊंची जलायपुर का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय में शैक्षणिक गतिविधियों, छात्र-छात्राओं की उपस्थिति, मध्यान्ह भोजन, शौचालय और साफ-सफाई समेत विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
डीएम ने रसोईघर का निरीक्षण कर भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता व्यवस्था देखी। उन्होंने निर्देश दिया कि निर्धारित मेन्यू के अनुसार बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाए।
कक्षाओं में पहुंचकर जिलाधिकारी ने बच्चों से बातचीत की और किताबें पढ़वाकर तथा सवाल पूछकर उनकी शैक्षिक स्थिति जानी। कक्षा में दरी पर बैठे छोटे बच्चों के बीच डीएम भी नीचे बैठ गए और उनसे आत्मीय संवाद किया। उन्होंने बच्चों से भोजन के बारे में भी जानकारी ली।
उन्होंने उपस्थिति पंजिका तथा बालक-बालिका शौचालयों की स्वच्छता व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए नियमित साफ-सफाई के निर्देश दिए। डीएम ने स्पष्ट किया कि विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता, बच्चों की वास्तविक उपस्थिति और भोजन की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।








