प्राथमिक विद्यालय पूरा शिवराम पानी से घिरा, बच्चों की पढ़ाई पर संकट
पवई (आजमगढ़)। लगातार हो रही बारिश के चलते शिक्षा क्षेत्र पवई के प्राथमिक विद्यालय पूरा शिवराम के चारों तरफ जलभराव हो गया है। विद्यालय परिसर और आसपास के खेतों में पानी भरने से छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और अभिभावकों को विद्यालय आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बताया जा रहा है कि जलभराव का पानी विद्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार तक पहुंच गया है। ऐसे में विद्यालय आने वाले बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों में चिंता बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश के बाद विद्यालय और आसपास के इलाके में पानी जमा हो जाता है।
ग्रामीणों के मुताबिक लंबे समय तक पानी जमा रहने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने के साथ ही गंदगी और संक्रमण का खतरा भी बना रहता है। विद्यालय तक पहुंचने वाले रास्ते पर पानी जमा होने से छोटे बच्चों को विशेष परेशानी हो रही है।
मामले में खंड शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिक विद्यालय पूरा शिवराम में जलभराव की जानकारी मिली है। संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर जलनिकासी की व्यवस्था कराने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को विद्यालय आने-जाने में किसी तरह की परेशानी न हो।








