आजमगढ़ के यात्री ने फ्लाइट में जलाई सिगरेट, लखनऊ एयरपोर्ट पर उतरते ही CISF ने हिरासत में लिया
आजमगढ़/लखनऊ। अबू धाबी से लखनऊ आ रही इंडिगो की एक फ्लाइट में आजमगढ़ के यात्री द्वारा सिगरेट जलाने की कोशिश किए जाने का मामला सामने आया है। फ्लाइट के लखनऊ एयरपोर्ट पर उतरते ही यात्री को CISF ने हिरासत में लेकर पुलिस के हवाले कर दिया। पूछताछ के दौरान गलती स्वीकार करने और माफीनामा देने के बाद आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर उसे छोड़ दिया गया।
जानकारी के अनुसार, आजमगढ़ जिले के सरायमीर थाना क्षेत्र के सिरौवन निवासी अब्दुल अजीज अबू धाबी में मजदूरी करते हैं। वह बुधवार रात करीब एक बजे अबू धाबी से रवाना हुए और सुबह 8:25 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचे।
बताया गया कि फ्लाइट में अपनी सीट पर बैठे अब्दुल अजीज ने सिगरेट जलाने की कोशिश की। धुआं उठते ही वहां मौजूद महिला क्रू मेंबर ने उन्हें तत्काल रोक दिया, जिसके बाद उन्होंने सिगरेट बुझा दी।
घटना की जानकारी इंडिगो कर्मियों द्वारा CISF को दी गई। लखनऊ एयरपोर्ट पर तैनात CISF कर्मी आदित्य शर्मा ने इस संबंध में सरोजिनी नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान यात्री ने अपनी गलती स्वीकार कर ली। इसके बाद उससे लिखित रूप से माफीनामा लिया गया और जरूरी कानूनी व प्रशासनिक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे छोड़ दिया गया।








