नरकटियागंज अनुमंडलीय अस्पताल में एंबुलेंस चालक की संदिग्ध मौत, ड्यूटी से पहले सोया, सुबह मिला मृत
खबर पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया से जहां नरकटियागंज अनुमंडलीय अस्पताल में एंबुलेंस चालक की संदिग्ध मौत, ड्यूटी से पहले सोया, सुबह मिला मृत
नरकटियागंज। अनुमंडलीय अस्पताल परिसर से शुक्रवार को एक हैरान करने वाली घटना सामने आई, जहां ड्यूटी पर तैनात एक एंबुलेंस चालक की संदिग्ध स्थिति में मौत हो गई। मृतक की पहचान मझौलिया थाना क्षेत्र के करमवा गांव निवासी 32 वर्षीय विशाल कुमार के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि विशाल गुरुवार को एंबुलेंस की मरम्मत कराने के बाद अस्पताल पहुंचा था। रात में उसने अपने साथियों के साथ खाना खाया और इसके बाद अस्पताल परिसर में ही सो गया। शुक्रवार सुबह ड्यूटी के लिए उसके साथी रविंद्र कुमार ने उसे जगाने का प्रयास किया। काफी प्रयास के बावजूद जब विशाल के शरीर में कोई हलचल नहीं हुई तो मामले की जानकारी अस्पताल के प्रभारी उपाधीक्षक डॉ. संजीव कुमार को दी गई।
सूचना मिलते ही चिकित्सक मौके पर पहुंचे और जांच के बाद विशाल को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर शिकारपुर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
चिकित्सक ने प्रथम दृष्टया हार्ट अटैक की आशंका जताई है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।








