मेहनाजपुर पुलिस का ऑपरेशन वज्रपात के तहत अभियान, भ्रामक पोस्ट करने वालों से कराया माफीनामा
मेहनाजपुर/आजमगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में सोशल मीडिया पर गैंग संस्कृति और भ्रामक पोस्ट के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन वज्रपात के तहत मेहनाजपुर पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने ग्राम गोपालपुर से गैंग कल्चर से जुड़ी पोस्ट करने के आरोप में तीन युवकों को गिरफ्तार किया है।
सीओ लालगंज भूपेश पाण्डेय के पर्यवेक्षण और थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार सिंह के नेतृत्व में रविवार को पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए गोपालपुर निवासी सचिन चौहान (22) पुत्र रामनवल, अनुज चौहान (21) पुत्र चन्द्रबली और आनंद चौहान (20) पुत्र रामचरन को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार तीनों के खिलाफ धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेजा गया।
भ्रामक पोस्ट करने वालों से कराया माफीनामा
पुलिस ने ग्राम बहलोलपुर में भी सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। संबंधित लोगों से माफीनामा कराया गया और भविष्य में इस तरह की पोस्ट न करने की हिदायत दी गई।
इसके अलावा झुंड बनाकर वीडियो बनाने वाले 8 युवकों को थाने लाकर समझाइश दी गई। पुलिस ने सभी को सोशल मीडिया पर गैंग संस्कृति को बढ़ावा देने वाली गतिविधियों से दूर रहने और कानून का पालन करने की सख्त हिदायत दी।
पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक, भ्रामक या गैंग संस्कृति को बढ़ावा देने वाली पोस्ट करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।








