फूलपुर सीएचसी की बड़ी उपलब्धि, मोतियाबिंद ऑपरेशन में प्रदेश में पांचवां स्थान

आजमगढ़। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) फूलपुर ने मोतियाबिंद ऑपरेशन के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में पांचवां स्थान हासिल किया है। निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले केंद्र पर अधिक मरीजों के सफल मोतियाबिंद ऑपरेशन किए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2024-25 में फूलपुर सीएचसी को मोतियाबिंद के 600 ऑपरेशन का लक्ष्य दिया गया था। इसके सापेक्ष सीएचसी की टीम ने 712 मरीजों के सफल ऑपरेशन किए। इस उपलब्धि के बाद फूलपुर सीएचसी ने प्रदेश स्तर पर अपनी बेहतर स्थिति दर्ज कराई है।
सीएचसी फूलपुर में सीमित संसाधनों के बावजूद चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की टीम लगातार मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में जुटी है। क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों से आने वाले मरीजों को आंखों की जांच, ऑपरेशन के लिए चयन और ऑपरेशन के बाद आवश्यक देखभाल की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
सीएचसी के नेत्र सर्जन डॉ. कुंदन गुप्ता के अनुसार, मोतियाबिंद ऑपरेशन की संख्या बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। मरीजों को जागरूक करने, शिविर आयोजित करने और समय पर ऑपरेशन कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि मरीजों की जागरूकता बढ़ने, विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता और स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार से आने वाले समय में सीएचसी फूलपुर का प्रदर्शन और बेहतर हो सकता है। हालांकि, निर्धारित लक्ष्य की तुलना में क्षेत्र में आंखों के मरीजों की संख्या को देखते हुए अभी भी अधिक लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की जरूरत है।








