बैंकों एवं प्रशासन के समन्वय से पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर
आजमगढ़, 10 सितंबर। हरिऔध कला केंद्र में गुरुवार को यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की ओर से मंडलीय मेगा क्रेडिट कैंप एवं ऋण वितरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न सरकारी योजनाओं और बैंकिंग कार्यक्रमों के तहत चयनित लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति पत्र एवं चेक वितरित किए गए। समारोह में 600 लाभार्थियों को करीब 100 करोड़ रुपये की ऋण राशि वितरित की गई।
मुख्य अतिथि जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने कहा कि सरकार की योजनाओं का उद्देश्य पात्र लोगों को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराकर उन्हें स्वरोजगार, उद्यमिता और आर्थिक गतिविधियों से जोड़ना है। उन्होंने बैंकों एवं प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय पर जोर देते हुए पात्र लाभार्थियों के ऋण आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने की अपील की।
डीएम ने लाभार्थियों से ऋण राशि का सदुपयोग कर व्यवसाय को आगे बढ़ाने तथा समय से ऋण की किश्तों का भुगतान करने को कहा। उन्होंने कहा कि वित्तीय समावेशन, स्वरोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के प्रयास विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण हैं।
यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के क्षेत्र प्रमुख (साउथ) इश्तियाक अरशद ने कहा कि बैंक वित्तीय समावेशन और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।
बताया गया कि 25 अगस्त से 9 सितंबर तक आयोजित क्रेडिट कैंप में मंडल के करीब 20 बैंकों ने विभिन्न योजनाओं के तहत 8,921 लाभार्थियों को कुल 519 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता स्वीकृत की।
कार्यक्रम में विभिन्न बैंकों के वरिष्ठ अधिकारी, लाभार्थी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। अंत में अग्रणी जिला प्रबंधक अभिषेक कुमार ने सभी के प्रति आभार जताया।








