गैंग लीडर जयप्रकाश यादव उर्फ गोलई गिरफ्तार, गैंगस्टर एक्ट के तहत हुई कार्रवाई
आजमगढ़। कप्तानगंज पुलिस ने जमीन हड़पने वाले गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गैंग लीडर जयप्रकाश यादव उर्फ गोलई को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी गिरोह ने लकवा ग्रस्त विष्णु यादव को जबरन गाड़ी में बैठाकर बंधक बनाया और जान से मारने की धमकी देकर उसके आधार कार्ड के जरिए 8 बिस्वा जमीन का बैनामा करा लिया था।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में थाना कप्तानगंज पर पहले से मुकदमा संख्या 41/2026 दर्ज था। वरिष्ठ अधिकारियों के अनुमोदन के बाद गैंग लीडर जयप्रकाश यादव उर्फ गोलई और उसके साथी गुड्डू यादव के खिलाफ मुकदमा संख्या 279/2026 के तहत धारा 2(ख)(i)/3(1) गैंगस्टर एक्ट में मामला दर्ज किया गया।
11 सितंबर को हुई गिरफ्तारी
गुरुवार 11 सितंबर को वरिष्ठ उपनिरीक्षक गंगाराम बिंद पुलिस टीम के साथ वांछित आरोपियों की तलाश में निकले थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गैंगस्टर एक्ट का वांछित जयप्रकाश यादव उर्फ गोलई जेहरा पिपरी मोड़ के पास मौजूद है।
सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने उसे पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान छाता का पुरा निवासी 53 वर्षीय जयप्रकाश यादव उर्फ गोलई के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी गिरोह ने विष्णु यादव को जबरन वाहन में बैठाकर अपने घर ले जाकर बंधक बनाया था। आरोप है कि उसे जान से मारने की धमकी देकर आधार कार्ड छीन लिया गया और उसकी 8 बिस्वा जमीन का बैनामा करा लिया गया।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, जयप्रकाश यादव उर्फ गोलई के खिलाफ कप्तानगंज थाने में मारपीट, बलवा, गाली-गलौज, धमकी, महिला से अभद्रता और जमीन हड़पने समेत कुल 4 मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस का कहना है कि गैंग से जुड़े अन्य मामलों की भी जानकारी जुटाई जा रही है और गिरोह के खिलाफ आगे की कार्रवाई जारी है।








