हरसिद्धि में पेड़ से लटके मिले युवक-युवती के शव, पहचान में जुटी पुलिस
मोतिहारी हरसिद्धि थाना क्षेत्र के सोनबरसा गिरि टोला गांव के सरेह में शुक्रवार की सुबह एक ही पेड़ से फंदे के सहारे लटके हुए एक युवक और एक युवती के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सुबह खेतों की तरफ जा रहे लोगों ने जब दोनों शवों को लटका देखा तो शोर मच गया, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों शव एक ही पेड़ की अलग-अलग डालियों से गमछा/दुपट्टे के फंदे से लटके हुए थे। शवों की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। दोनों की उम्र लगभग 20 से 25 वर्ष के बीच बताई जा रही है। ग्रामीणों में इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। अधिकांश लोग दोनों को प्रेमी-प्रेमिका बता रहे हैं और प्रेम-प्रसंग में आत्महत्या की आशंका जता रहे हैं, हालांकि पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही हरसिद्धि थानाध्यक्ष सुनील कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। साथ ही साक्ष्य संकलन के लिए FSL की टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल भेजने की तैयारी में जुट गई है।
थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन बिना पोस्टमार्टम रिपोर्ट के कुछ भी स्पष्ट कहना जल्दबाजी होगी। शवों की शिनाख्त के लिए आसपास के थानों और चौकीदारों को भी सूचना दी गई है। पुलिस गांव के लोगों से भी पूछताछ कर रही है कि क्या उन्होंने पहले इन दोनों को इलाके में देखा था।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हत्या व आत्महत्या दोनों बिंदुओं पर तहकीकात शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो पाएगा।








