आजमगढ़: तहबरपुर मंझारी कांड का खुलासा, ज्वैलर्स से चेन लूटकर भाग रहे दो बदमाश गिरफ्तार
आजमगढ़। तहबरपुर थाना क्षेत्र के मंझारी बाजार स्थित राज ज्वैलर्स की दुकान से सोने की चेन लूटकर भाग रहे दो बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से 2 पिस्टल, 2 तमंचे, 18 जिंदा कारतूस, एक खोखा, 3 खाली मैगजीन समेत चोरी की बाइक और वारदात में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, 17 सितंबर को दो युवक मंझारी बाजार स्थित राज ज्वैलर्स की दुकान पर 8 ग्राम की सोने की चेन खरीदने के बहाने पहुंचे। चेन की कीमत करीब 1.10 लाख रुपये बताई गई है। दोनों युवकों ने क्यूआर कोड के माध्यम से भुगतान करने का नाटक किया, लेकिन दुकानदार के खाते में रुपये नहीं पहुंचे। इसके बाद दोनों चेन लेकर मौके से फरार हो गए।
दुकानदार और स्थानीय लोगों ने बदमाशों का पीछा किया। पुलिस के अनुसार, भागते समय बदमाशों ने असलहा निकालकर फायरिंग भी की। स्थानीय लोगों ने दोनों को बैरमपुर गांव में घेरकर पकड़ लिया। सूचना मिलने पर चौकी प्रभारी सूर्यपाल यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
पुलिस की तलाशी में आरोपियों के पास से 2 पिस्टल .32 बोर, 2 तमंचे .315 बोर, 18 जिंदा कारतूस, एक खोखा और 3 खाली मैगजीन बरामद हुईं। इसके अलावा चापड़, पेचकस, रेती और चोरी की बाइक UP50BL5646 भी बरामद की गई।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उक्त बाइक 31 अगस्त को न्यायालय के पास स्थित वाहन स्टैंड से चोरी की गई थी। पुलिस के मुताबिक, नंबर प्लेट बदलकर बाइक का इस्तेमाल आपराधिक वारदातों में किया जाता था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चन्द्रेश यादव निवासी जमीनबारी, थाना निजामाबाद और प्रिंस चौहान निवासी कोटवा, थाना रानी की सराय के रूप में हुई है।
पुलिस ने इस मामले में मु0अ0सं0 142/2026, धारा 109, 309(4) बीएनएस एवं आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल छह अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।








