खबर पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया से जहां भूमि विवाद में दो पक्षों में खूनी झड़प, आधा दर्जन घायल,लाठी-डंडे से मारपीट का वीडियो वायरल, दो घायल बेतिया रेफर

नरकटियागंज। शिकारपुर थाना क्षेत्र के डुमरिया गांव में शनिवार को पुराने भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। घटना में दोनों पक्षों के करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। मारपीट का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

बताया जाता है कि डुमरिया निवासी हीरामन साह और विक्रम साह के बीच करीब दो वर्षों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। शनिवार को जमीन के बंटवारे और कब्जे को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई। एक-दूसरे पर जमीन अधिक लेने का आरोप लगाने के बाद विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते दोनों पक्ष लाठी-डंडे लेकर आमने-सामने आ गए। इस दौरान हुई मारपीट में सुमन साह, भरत साह, पुनीता देवी समेत कई लोग घायल हो गए।

घटना के बाद सभी घायलों को इलाज के लिए नरकटियागंज अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल दो लोगों को बेहतर इलाज के लिए बेतिया रेफर कर दिया गया।
सूचना पर शिकारपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित कराया। पुलिस ने दोनों पक्षों को कानून हाथ में नहीं लेने की सख्त हिदायत दी। पुलिस के अनुसार, आवेदन मिलने के बाद मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।








