आजमगढ़l 17 साल से फरार 25 हजार का इनामी गिरफ्तार, तमंचा-कारतूस बरामद
आजमगढ़। तरवां थाना पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी मोनू मिश्रा उर्फ बृजेश मिश्रा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी करीब 17 वर्षों से पुलिस की पकड़ से बाहर था। गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से 315 बोर का देशी तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।पुलिस के अनुसार, तरवां थाना क्षेत्र के सरैया निवासी मोनू मिश्रा के खिलाफ वर्ष 2009 में दो सगी बहनों को बहला-फुसलाकर भगाने के अलग-अलग मामले दर्ज किए गए थे। इन मामलों में अपहरण समेत अन्य गंभीर धाराओं के तहत मुकदमे दर्ज हुए थे। इसके बाद उसके खिलाफ गैंगेस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई थी।पुलिस का कहना है कि वर्ष 2010 के बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ की ओर से 27 नवंबर 2022 को 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
नाम-पता बदलकर बाहर रहने का दावा
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह अपना नाम और पता बदलकर अलग-अलग स्थानों पर रह रहा था। उसे लगा कि पुलिस अब उसकी तलाश नहीं कर रही है। इसी दौरान वह पुराने मुकदमों के संबंध में जानकारी लेने अपने गांव आया था।
नवरसिया पुलिया के पास हुई गिरफ्तारी
पुलिस के मुताबिक 23 सितंबर 2026 की सुबह करीब 5 बजे तरवां पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी,इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर नवरसिया पुलिया के पास ग्राम डुभांव क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।तमंचा और कारतूस बरामद होने के बाद आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत एक और मुकदमा दर्ज किया गया है।
पांच मुकदमे दर्ज
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ मारपीट, अपहरण, दुष्कर्म और गैंगेस्टर एक्ट सहित कुल पांच मुकदमे दर्ज हैं,गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अजय कुमार सिंह, उपनिरीक्षक अतुल कुमार मिश्रा और कांस्टेबल कमलेश कुमार यादव शामिल रहे।








