कथित तौर पर 10 कट्ठा जमीन के विवाद में महिला और दो बेटों से मारपीट, अस्पताल में भर्ती
जमुई: गिद्धौर से सद्दाम अंसारी की रिपोर्ट।
झाझा प्रखंड के चरैया गांव में 10 कट्ठा जमीन को लेकर चल रहे1 विवाद में एक महिला और उसके दो बेटों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। बताया गया कि बुधनिया देवी का अपने गोतिया पक्ष के लोगों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। रिपोर्ट के मुताबिक, जमीन से जुड़े मामले में कोर्ट का फैसला बुधनिया देवी के पक्ष में आया था।
आरोप है कि कोर्ट के फैसले के बाद नाराज पक्ष के लोगों ने बुधनिया देवी और उनके दोनों बेटों युगन दास व दिनेश दास के साथ मारपीट की। महिला का आरोप है कि उन्हें और उनके बेटों को घर से बाहर खींचकर पीटा गया, जिससे तीनों घायल हो गए। घटना के बाद घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़ित पक्ष ने मामले की शिकायत पुलिस से की है। पुलिस की ओर से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है।








