NCC कैडेट्स को साइबर अपराध से बचाव के बताए तरीके, 1930 पर शिकायत की अपील !

आजमगढ़। साइबर अपराध के बढ़ते मामलों को देखते हुए आजमगढ़ पुलिस की ओर से लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को 99 UP BN NCC CATC-328 में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर NCC के छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध से बचाव के तरीके बताए गए।
कार्यक्रम का आयोजन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक यातायात/नोडल अधिकारी साइबर सेल के मार्गदर्शन में साइबर सेल आजमगढ़ एवं थाना सिधारी पुलिस की संयुक्त टीम ने किया। कार्यक्रम हेन्टल मेडिकल कॉलेज, चण्डेश्वर स्थित 99 UP BN NCC CATC-328 में आयोजित हुआ।

इस दौरान साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक रवि प्रकाश गौतम ने कैडेट्स को सोशल मीडिया का सावधानी से इस्तेमाल करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान लिंक, कॉल या मैसेज पर बिना सत्यापन के भरोसा न करें। साइबर ठगी होने की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना देने की अपील की गई।

साइबर सेल के आरक्षी सत्येन्द्र यादव ने कैडेट्स को फिशिंग, डिजिटल अरेस्ट, सोशल इंजीनियरिंग, सोशल मीडिया हैकिंग, बारकोड/QR कोड, APK फाइल, फर्जी वेबसाइट, हनी ट्रैप, सिम कार्ड तथा ATM/डेबिट/क्रेडिट कार्ड से जुड़े साइबर फ्रॉड और बायोमेट्रिक फ्रॉड के बारे में जानकारी दी।

वहीं आरक्षी राहुल सिंह ने फर्जी कॉल, अनजान WhatsApp वीडियो कॉल, ऑनलाइन लोन एप, सोशल मीडिया के जरिए रुपयों की मांग, फर्जी कस्टमर केयर नंबर और UPI फ्रॉड से बचने के उपाय बताए।
इटौरा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक रंजन कुमार ने साइबर अपराध के बदलते स्वरूप की जानकारी देते हुए बताया कि किसी भी साइबर अपराध की शिकायत www.cybercrime.gov.in पोर्टल और हेल्पलाइन नंबर 1930 के माध्यम से की जा सकती है।

कार्यक्रम में साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक रवि प्रकाश गौतम, इटौरा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक रंजन कुमार, आरक्षी सत्येन्द्र यादव और आरक्षी राहुल सिंह मौजूद रहे। 99 UP BN NCC CATC-328 के लेफ्टिनेंट डॉ. धीरेन्द्र कुमार गुप्ता ने कार्यक्रम के आयोजन के लिए पुलिसकर्मियों का आभार व्यक्त किया।
पुलिस ने युवाओं समेत आमजन से अपील की है कि साइबर अपराध के प्रति सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध लिंक, कॉल या ऑनलाइन लेन-देन से पहले उसकी सत्यता की जांच जरूर करें।








