best news portal development company in india

आजमगढ़ में 4 पुलिसकर्मी निलंबित, ड्यूटी में लापरवाही पर एसएसपी की कार्रवाई

SHARE:

आजमगढ़ में 4 पुलिसकर्मी निलंबित, ड्यूटी में लापरवाही पर एसएसपी की कार्रवाई

आजमगढ़। पुलिस विभाग में पदीय दायित्वों के निर्वहन में घोर लापरवाही और अनुशासनहीनता के मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने बड़ी कार्रवाई की है। एसएसपी ने थाना रानी की सराय के प्रभारी निरीक्षक विमल प्रकाश राय, उप निरीक्षक गिरीश तिवारी, उप निरीक्षक हैदर अली मंसूरी तथा थाना निजामाबाद में तैनात आरक्षी वैभव पटेल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। चारों के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी दिए गए हैं।

अभियुक्त के सत्यापन में लापरवाही का मामला

पुलिस के अनुसार, थाना निजामाबाद में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 06/2026, धारा 123 एवं 351(2) बीएनएस से संबंधित मामले में शिकायत के निस्तारण और अभियुक्त के संबंध में अपेक्षित पुलिस कार्रवाई एवं सत्यापन में लापरवाही सामने आई।

अभियुक्त के जमानत पर रिहा होने के बाद उसके संबंध में आवश्यक सत्यापन कर सूचना यक्ष ऐप पर अपलोड किया जाना अपेक्षित था, लेकिन संबंधित स्तर से समय पर यह कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद जमानत पर बाहर आए अभियुक्त द्वारा शिकायतकर्ता को धमकी देने और फर्जी आईडी बनाकर फोटो एवं वीडियो वायरल किए जाने की शिकायत सामने आई।

समीक्षा के बाद हुई कार्रवाई

प्रकरण की समीक्षा में अभियुक्त के संबंध में आवश्यक सत्यापन एवं सूचना समय से दर्ज नहीं किए जाने तथा संबंधित पुलिसकर्मियों द्वारा अपने दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरते जाने की बात सामने आई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने प्रथम दृष्टया पदीय दायित्वों के निर्वहन में घोर लापरवाही, उदासीनता, स्वेच्छाचारिता एवं अकर्मण्यता पाए जाने पर चारों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। साथ ही विभागीय जांच के निर्देश दिए गए हैं।

एसएसपी ने पुलिसकर्मियों को दी चेतावनी

एसएसपी ने जनपद के सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने पदीय दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ करने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने विशेष रूप से अभियुक्तों के सत्यापन, जमानत के बाद निगरानी तथा संबंधित अभिलेख और ऐप पर आवश्यक सूचनाएं समयबद्ध तरीके से दर्ज करने में किसी भी प्रकार की शिथिलता नहीं बरतने को कहा है। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि कर्तव्य के प्रति लापरवाही, अनुशासनहीनता या अकर्मण्यता मिलने पर संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

Pelli Poola Jada
best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई