विधायी प्रक्रिया और संसदीय कार्यप्रणाली की विद्यार्थियों ने ली जानकारी
आजमगढ़। महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय, आजमगढ़ के राजनीति विज्ञान विभाग के विद्यार्थियों ने उत्तर प्रदेश विधानसभा का शैक्षणिक भ्रमण किया। कुलपति प्रो. संजीव कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को राज्य की विधायी व्यवस्था, विधानसभा की संसदीय कार्यप्रणाली और लोकतांत्रिक संस्थाओं के व्यावहारिक स्वरूप से परिचित कराना था।

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने विधानसभा भवन का अवलोकन किया और सदन की संरचना, विधायी प्रक्रिया तथा विधानसभा की कार्यप्रणाली से संबंधित विभिन्न पहलुओं की जानकारी प्राप्त की। विद्यार्थियों ने कक्षा में प्राप्त सैद्धांतिक ज्ञान को लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रत्यक्ष अनुभव से जोड़ने का प्रयास किया।
इस दौरान राजनीति विज्ञान विभाग के प्रभारी सूर्य प्रकाश अग्रहरि, शुभम राय एवं डॉ. दीक्षा उपाध्याय विद्यार्थियों के साथ मौजूद रहे। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को भारतीय लोकतंत्र में विधानमंडल की भूमिका तथा राज्य के शासन में विधानसभा के महत्व की जानकारी दी।
विभाग प्रभारी सूर्य प्रकाश अग्रहरि ने कहा कि इस तरह के शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों को संवैधानिक एवं राजनीतिक प्रक्रियाओं को करीब से समझने का अवसर देते हैं। वहीं कुलपति प्रो. संजीव कुमार ने कहा कि विश्वविद्यालय पाठ्यक्रम आधारित शिक्षा के साथ विद्यार्थियों को व्यावहारिक और अनुभवात्मक शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत है।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों में उत्साह देखा गया। उन्होंने विधानसभा की कार्यप्रणाली और लोकतांत्रिक शासन व्यवस्था के विभिन्न व्यावहारिक पहलुओं को समझा।








