मंजूषा नदी में डूबे युवक का शव दो किमी दूर मिला, गांव में मचा कोहराम
अहरौला, आजमगढ़। अहिरौला थाना क्षेत्र के सजनी गांव में शुक्रवार को मंजूषा नदी में डूबे युवक का शव शनिवार को करीब दो किलोमीटर दूर शमशाबाद गांव के समीप बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को सजनी गांव के चार बच्चे मंजूषा नदी में नहाने गए थे। इसी दौरान एक युवक गहरे पानी में चला गया और डूब गया। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और नदी में तलाश अभियान शुरू किया। करीब छह घंटे तक चले अभियान के बावजूद युवक का पता नहीं चल सका।
शनिवार को शमशाबाद गांव के समीप कुछ ग्रामीण नदी में मछली पकड़ने पहुंचे थे।
इसी दौरान उन्हें पानी में युवक का शव दिखाई दिया। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस और एनडीआरएफ टीम को दी। सूचना पर पहुंची एनडीआरएफ की टीम ने शव को नदी से बाहर निकाला इसके बाद शव को अहिरौला थाना प्रभारी को सौंप दिया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शव की पहचान होने के बाद पुलिस ने उसे परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया पूरी की। युवक का शव मिलने के बाद परिवार में मातम छा गया। घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।








