हाईवे किनारे खड़े ट्रकों से डीजल चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश, 4 गिरफ्तार
आजमगढ़। थाना गम्भीरपुर पुलिस ने हाईवे किनारे खड़े वाहनों से डीजल चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से पिकअप वाहन, कूटरचित नंबर प्लेट, डीजल चोरी करने के उपकरण, 50 लीटर डीजल, 14 खाली जरीकेन और 9,500 रुपये नकद बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 2 अक्टूबर 2026 की रात ग्राम थनौली के पास प्रधान बिल्डिंग मैटेरियल के सामने खड़े एक ट्रक से करीब 150 लीटर डीजल चोरी किया गया था। मामले में थाना गम्भीरपुर में मुकदमा दर्ज कर पुलिस चोरों की तलाश में जुटी थी।
बरवां मोड़ पर घेराबंदी कर चारों को दबोचा
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराधियों की गिरफ्तारी और चोरी की घटनाओं के अनावरण के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस टीम को सूचना मिली कि डीजल चोरी करने वाला गिरोह पिकअप वाहन में जरीकेन और चोरी के उपकरण लेकर बरवां मोड़ हाईवे के पास मौजूद है।

सूचना पर पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर पिकअप में बैठे चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान शैलेन्द्र राजभर, अक्षय कुमार, चन्द्रिका और संजय कुमार के रूप में हुई।
कूटरचित नंबर प्लेट लगाकर चल रही थी पिकअप
पुलिस ने पिकअप की जांच की तो उस पर UP54AT7843 नंबर की कूटरचित नंबर प्लेट लगी मिली। ई-चालान ऐप पर जांच करने पर यह नंबर एक ई-रिक्शा के नाम पंजीकृत मिला। चेसिस नंबर के आधार पर वाहन का वास्तविक नंबर UP54AT7343 पाया गया, जो अभियुक्त अक्षय कुमार के नाम पंजीकृत है पिकअप से प्लास्टिक पाइप, हथौड़ी, छेनी, 50 लीटर डीजल और 14 खाली जरीकेन बरामद किए गए। अभियुक्तों की तलाशी में 9,500 रुपये नकद भी मिले।
आजमगढ़ की चार घटनाओं का खुलासा
पूछताछ में अभियुक्तों ने हाईवे किनारे खड़े वाहनों से डीजल चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने गम्भीरपुर, निजामाबाद, मुबारकपुर और कप्तानगंज थाना क्षेत्रों की कुल चार घटनाओं का खुलासा किया है।पुलिस के अनुसार, 29 सितंबर को निजामाबाद क्षेत्र के नेवादा गांव के पास ट्रक से करीब 20 लीटर डीजल चोरी किया गया था। वहीं 2 अगस्त को मुबारकपुर क्षेत्र के लोहरा सिक्स लेन के पास खड़े ट्रेलर से करीब 250 लीटर तथा कप्तानगंज क्षेत्र के तेरही गांव के पास हाईवे किनारे से करीब 360 लीटर डीजल चोरी करने की बात भी पूछताछ में सामने आई है।इन घटनाओं में डीजल बेचकर मिली रकम में से बची 9,500 रुपये की नकदी बरामद होने की बात पुलिस ने बताई है।
गिरफ्तार अभियुक्त
1. शैलेन्द्र राजभर निवासी बाऊडीह, थाना मधुबन, मऊ,2. अक्षय कुमार निवासी बहोरनपुर, थाना मधुबन, मऊ,3. चन्द्रिका निवासी रसूलपुर आश्रम, थाना दोहरीघाट, मऊ,4. संजय कुमार निवासी गोपालपुर, थाना गोला, गोरखपुर।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों में कई के विरुद्ध आजमगढ़, मऊ, बलिया, गोरखपुर और गाजीपुर सहित विभिन्न जनपदों में पूर्व से मुकदमे दर्ज हैं। इनमें चोरी, वाहन चोरी/बरामदगी, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट और अन्य धाराओं से संबंधित मामले शामिल हैं। पुलिस ने चारों के खिलाफ थाना गम्भीरपुर में दर्ज मु0अ0सं0 238/2026 में धारा 303(2), 317(2), 317(4), 338, 340(2), 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की है।
बरामदगी
पुलिस ने एक पिकअप वाहन मय कूटरचित नंबर प्लेट, प्लास्टिक पाइप, हथौड़ी, छेनी, 50 लीटर डीजल, 14 खाली जरीकेन और 9,500 रुपये नकद बरामद किए हैं कार्रवाई में उपनिरीक्षक अभिषेक सिंह, अश्वनी मिश्रा, योगेश कुमार सरोज समेत थाना गम्भीरपुर पुलिस टीम के जवान शामिल रहे।








