चोरी की बाइक, ₹7 हजार नकद, तमंचा और कारतूस बरामद
आजमगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी एवं अपराधों के अनावरण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बरदह पुलिस ने महिला से चैन छपटमारी की घटना का खुलासा करते हुए एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल, छपटमारी से प्राप्त 7 हजार रुपये नकद, .315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, संजीव कुमार राय निवासी बेलवाना थाना बरदह ने 5 अगस्त 2026 को सूचना दी थी कि वह अपनी पत्नी कविता राय के साथ बाइक से वाराणसी से घर लौट रहे थे। उसरगांवा पेट्रोल पंप के पास दो अज्ञात बदमाश चलती बाइक से उनकी पत्नी के गले से सोने की चेन छीनकर फरार हो गए थे। इस मामले में थाना बरदह पर मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद ली। जांच के दौरान सूरज निषाद का नाम सामने आया। इसके बाद 6 अक्टूबर को उपनिरीक्षक राजेंद्र प्रसाद पटेल और पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि बरामद मोटरसाइकिल उसने अपने साथी वकील उर्फ कृष्णा सोनकर के साथ वाराणसी रेलवे स्टेशन के पास से चोरी की थी।
बरामद अवैध तमंचे और कारतूस के संबंध में थाना बरदह में आर्म्स एक्ट के तहत अलग मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना बरदह के SO चन्द्रीप कुमार, उपनिरीक्षक राजेंद्र प्रसाद पटेल, उपनिरीक्षक पुनीत श्रीवास्तव, उपनिरीक्षक रितेश खरवार सहित पुलिस टीम और सर्विलांस सेल के कांस्टेबल बसंत यादव शामिल रहे।








