शिकायत करने पर निकालने की धमकी देने का आरोप, प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति
आजमगढ़। जीयनपुर स्थित नवोदय विद्यालय में एक पुरुष कर्मचारी पर महिला छात्रावास की अस्थायी महिला कर्मचारियों के साथ अभद्रता करने और शिकायत करने पर उन्हें निकालने की धमकी देने का आरोप लगा है। घटना से नाराज 119 छात्राओं ने बुधवार सुबह करीब 7 बजे से खुद को हॉस्टल में बंद कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
छात्राओं के हॉस्टल में बंद होकर विरोध करने की जानकारी मिलते ही विद्यालय प्रशासन में हड़कंप मच गया। मामले की सूचना तत्काल तहसील एवं जिला प्रशासन को दी गई। जिलाधिकारी के निर्देश पर उपजिलाधिकारी सगड़ी, सीओ सगड़ी, महिला एसडीएम नेहा मिश्रा, सीओ आस्था जायसवाल, न्यायिक तहसीलदार सगड़ी समेत कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।
करीब 5 घंटे तक छात्राएं हॉस्टल के अंदर बंद रहीं। अधिकारियों और विद्यालय प्रशासन ने छात्राओं से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। एसडीएम और विद्यालय के प्राचार्य शशिकांत राय की ओर से लिखित आश्वासन दिए जाने तथा छात्राओं की शर्तें माने जाने के बाद उन्होंने हॉस्टल का दरवाजा खोला।
इसके बाद अधिकारियों ने छात्राओं के साथ भोजन भी किया। प्रशासन की ओर से छात्राओं को उनकी समस्याओं के समाधान का भरोसा दिया गया एसडीएम सगड़ी ने बताया कि छात्राओं की समस्याएं सुनी गई हैं। अस्थायी महिला कर्मचारियों को नहीं निकाला जाएगा और भविष्य में किसी भी समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। इस दौरान विद्यालय के प्राचार्य सहित अन्य स्टाफ भी मौजूद रहा।








