best news portal development company in india

आजमगढ़ में महिला बीएलओ से ₹81 हजार की साइबर ठगी, साइबर सेल ने पूरी रकम कराई वापस

SHARE:

निर्वाचन आयोग का अधिकारी बनकर भेजा था संदिग्ध लिंक, स्क्रीन शेयर कराकर की गई थी ठगी, पुलिस की त्वरित कार्रवाई से पीड़िता को मिली राहत

आजमगढ़, 11 अक्टूबर 2026। जनपद आजमगढ़ में साइबर ठगी का एक मामला सामने आया है, जिसमें जालसाज ने निर्वाचन आयोग का अधिकारी बनकर महिला बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) को ऑनलाइन मीटिंग के नाम पर संदिग्ध लिंक भेजा और उनके खाते से ₹81,000 की ठगी कर ली। मामले की शिकायत मिलने पर साइबर सेल आजमगढ़ ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ठगी गई पूरी धनराशि पीड़िता के बैंक खाते में वापस करा दी।

पुलिस के अनुसार, जीयनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मसोना निवासी श्रीमती सुमन राजभर पत्नी विजय शंकर बीएलओ के पद पर कार्यरत हैं। निर्वाचन संबंधी कार्य के दौरान उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को निर्वाचन आयोग का वरिष्ठ अधिकारी बताया और ऑनलाइन मीटिंग के बहाने उनके व्हाट्सएप पर एक संदिग्ध लिंक भेजा।

पीड़िता ने लिंक खोल लिया, जिसके बाद जालसाज ने उनका मोबाइल स्क्रीन शेयर कराया। इस दौरान पेटीएम वॉलेट के माध्यम से प्रक्रिया पूरी कराई गई और यूपीआई के जरिए उनके बैंक खाते से ₹81,000 निकाल लिए गए। ठगी का एहसास होने पर पीड़िता ने साइबर सेल आजमगढ़ में शिकायत दर्ज कराई।

साइबर सेल ने त्वरित कार्रवाई कर वापस कराई पूरी रकम

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक यातायात एवं साइबर क्राइम के नोडल अधिकारी पंकज श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण में साइबर सेल की टीम ने मामले में तत्काल कार्रवाई की। संबंधित पेमेंट गेटवे और बैंक से समन्वय स्थापित कर ठगी की धनराशि होल्ड/फ्रीज कराई गई। इसके बाद आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी कराकर ₹81,000 की पूरी धनराशि पीड़िता के मूल बैंक खाते में वापस करा दी गई धनराशि वापस मिलने पर पीड़िता ने आजमगढ़ पुलिस और साइबर सेल की टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक रवि प्रकाश गौतम, मुख्य आरक्षी ओमप्रकाश जायसवाल, आरक्षी अमित कुमार सरोज और आरक्षी जयप्रकाश प्रजापति शामिल रहे।

पुलिस ने साइबर ठगी से बचने की अपील की

आजमगढ़ पुलिस ने जनपदवासियों और सरकारी कर्मचारियों से अपील की है कि अनजान व्यक्तियों द्वारा भेजे गए संदिग्ध लिंक न खोलें और किसी के कहने पर मोबाइल की स्क्रीन शेयर न करें। सरकारी अधिकारी बनकर आने वाली संदिग्ध कॉल से सतर्क रहें। साइबर ठगी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।

Leave a Comment

Pelli Poola Jada
best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई