best news portal development company in india

पीईटी-2026 की परीक्षा निष्पक्ष, नकलविहीन एवं सकुशल सम्पन्न कराने के लिए जिलाधिकारी ने सेक्टर/स्टैटिक मजि0 एवं केन्द्र व्यवस्थापकों के साथ की बैठक

SHARE:

पीईटी-2026 की परीक्षा निष्पक्ष, नकलविहीन एवं सकुशल सम्पन्न कराने के लिए जिलाधिकारी ने सेक्टर/स्टैटिक मजि0 एवं केन्द्र व्यवस्थापकों के साथ की बैठक

जिलाधिकारी ने 22 अक्टूबर की शाम तक सभी परीक्षा केन्द्रों पर सीसीटीवी कैमरे क्रियाशील करने का दिया निर्देश,समस्त परीक्षा केन्द्रों पर समय से पहले आधारभूत सुविधाओं को करायें सुनिश्चित- जिलाधिकारी,ड्यूटी में लगाये गए सभी अधिकारी परीक्षा तिथि को अपने ड्यूटी प्वाइंट पर समय से पहुंचकर सौंपे गए दायित्वों का पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें सुनिश्चित- जिलाधिकारी

आजमगढ़, 21 अक्टूबर 2026// उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग लखनऊ द्वारा दिनांक 25 व 30 अक्टूबर, एवं 01 नवम्बर 2026 को दो पॉलियों में (पूर्वान्ह 10 बजे से 12 बजे तक व अपरान्ह 03 बजे से 05 बजे तक) जनपद के निर्धारित 30 परीक्षा केन्द्रों पर आयोजित होने वाली प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) 2026 की लिखित परीक्षा को निष्पक्ष, नकलविहीन, निर्विघ्न एवं सकुशल सम्पन्न कराये जाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक सम्पन्न हुई। 30 परीक्षा केन्द्रों पर आयोजित होने वाली उक्त परीक्षा में कुल 13344 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे।

बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया कि 22 अक्टूबर की शाम तक प्रत्येक दशा में सभी परीक्षा केन्द्रों पर सीसीटीवी कैमरे क्रियाशील कर दिए जाएं। बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज करने के लिए तैनात किए जाने वाले कर्मचारियों की सूची पहले से उपलब्ध कराई जाए, ताकि सुरक्षा के दृष्टिगत उनका सत्यापन कराया जा सके। उन्होंने सभी कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी लिखित रूप में निर्धारित करते हुए उनकी सूची परीक्षा से पूर्व उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही परीक्षा केन्द्रों पर बिजली, साफ-सफाई, शौचालय एवं पेयजल सहित सभी आवश्यक आधारभूत सुविधाएं समय से सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक परीक्षा कक्ष में दीवार घड़ी लगाई जाए तथा उसका समय सही समय से मिलान कर लिया जाए।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा की निर्धारित तिथि पर अपने-अपने ड्यूटी प्वाइंट पर समय से पहुंचकर सौंपे गए दायित्वों का पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी सेक्टर एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट को निर्देश दिया कि बैठक के उपरान्त अपने-अपने आवंटित परीक्षा केन्द्रों का भ्रमण कर केन्द्र व्यवस्थापक एवं सहायक केन्द्र व्यवस्थापक से समन्वय स्थापित करें तथा परीक्षा से संबंधित सभी व्यवस्थाओं का समय रहते सत्यापन कर लें। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि परीक्षा की प्रत्येक तिथि को सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने आवंटित केन्द्रों पर भ्रमणशील रहकर परीक्षा को सुचारु एवं सकुशल सम्पन्न कराना सुनिश्चित करेंगे।

जिलाधिकारी ने सभी स्टैटिक मजिस्ट्रेट को निर्देशित किया कि वे परीक्षा की प्रत्येक तिथि को प्रातः 06 बजे तक अनिवार्य रूप से अपने आवंटित परीक्षा केन्द्र पर पहुंच जाएं। केन्द्र पर पहुंचने के उपरान्त जिला विद्यालय निरीक्षक, आजमगढ़ के कार्यालय में स्थापित परीक्षा नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नम्बर 9454417172 अथवा जिला विद्यालय निरीक्षक के सीयूजी मोबाइल नम्बर 9454457337 पर अपनी उपस्थिति की सूचना देना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सभी स्टैटिक मजिस्ट्रेट अपनी निगरानी में परीक्षा की शुचिता बनाए रखते हुए परीक्षा सम्पन्न कराएंगे। समस्त केन्द्र व्यवस्थापक परीक्षा को नकलविहीन, निर्विघ्न एवं सकुशल सम्पन्न कराने तथा परीक्षा से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए उत्तरदायी होंगे।

जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के अन्तर्गत निषेधाज्ञा पूर्व से ही प्रभावी है। इसके दृष्टिगत परीक्षा केन्द्रों के 200 मीटर की परिधि में तथा आवश्यकता पड़ने पर उससे बाहर भी केन्द्र व्यवस्थापक, कक्ष निरीक्षक, परीक्षार्थियों एवं ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों के अतिरिक्त अन्य व्यक्तियों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। परीक्षा की तिथियों में परीक्षा केन्द्रों के 200 मीटर की परिधि में तथा आवश्यकता पड़ने पर उससे बाहर भी फोटोस्टेट/कॉपीयर की दुकानें बंद रहेंगी। कोई भी व्यक्ति अथवा परीक्षार्थी शस्त्र या अन्य प्रतिबंधित सामग्री लेकर परीक्षा केन्द्र में प्रवेश नहीं करेगा। परीक्षा केन्द्र परिसर में मोबाइल फोन, पेजर एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना प्रतिबंधित रहेगा।परीक्षा केन्द्रों के आसपास ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग तथा परीक्षा अवधि में पीसीओ, फैक्स, इंटरनेट एवं अन्य प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक संसाधनों का संचालन भी नियमानुसार प्रतिबंधित रहेगा।

उन्होंने उप जिलाधिकारी-सदर, सगड़ी, निजामाबाद एवं बूढ़नपुर को अपने-अपने क्षेत्रान्तर्गत परीक्षा केन्द्रों पर भ्रमणशील रहकर शान्ति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा केन्द्रों का औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा व्यवस्था से जुड़े सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूर्ण मनोयोग, सत्यनिष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ परीक्षा सम्पन्न कराना सुनिश्चित करें। किसी भी स्तर पर लापरवाही, शिथिलता अथवा अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। किसी कार्मिक की लापरवाही से उत्पन्न होने वाली समस्या अथवा अनियमितता की स्थिति में भारतीय न्याय संहिता, 2023 तथा उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम, 2024 के सुसंगत प्रावधानों के अन्तर्गत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) संजय चावला, मुख्य कोषाधिकारी अनुराग श्रीवास्तव,जिला विद्यालय निरीक्षक अजय कुमार, जिला आबकारी अधिकारी,समस्त सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केन्द्र व्यवस्थापक तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

Pelli Poola Jada
best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई