

23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक होगा मतदान, एसएसपी के निर्देशन में मतदान केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था का लिया गया जायजा

आजमगढ़। उत्तर प्रदेश विधान परिषद खंड शिक्षक द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए आजमगढ़ पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था पूरी कर ली है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में जनपद के सभी मतदान केंद्रों और बूथों पर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण कर संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जनपद में निर्वाचन के मद्देनजर कुल 23 मतदान केंद्रों पर 558 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। निरीक्षण के दौरान पुलिस बल की तैनाती, सुरक्षा इंतजामों और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। निर्वाचन ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता और मुस्तैदी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 23 अक्टूबर 2026 को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा।

मतदान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने आवश्यक सुरक्षा प्रबंध किए हैं।

पुलिस प्रशासन का उद्देश्य निर्वाचन के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना और मतदाताओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है।








