मिशन शक्ति अभियान के तहत पुलिस लाइन में आयोजन, रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर किया गया सम्मानित
फूलपुर/आजमगढ़। आजमगढ़ पुलिस लाइन में रविवार, 25 अक्टूबर को मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। वामा सारथी एवं सिविल डिफेंस आजमगढ़ की ओर से इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) के सहयोग से आयोजित शिविर का उद्घाटन पुलिस उपमहानिरीक्षक आजमगढ़ परिक्षेत्र सुनील कुमार सिंह, जिलाधिकारी रविंद्र कुमार और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने किया।

शिविर में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने स्वयं रक्तदान कर लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित किया। इस दौरान पुलिस विभाग के महिला एवं पुरुष कर्मचारियों सहित अन्य रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और कुल 33 यूनिट रक्तदान किया।
आयोजन के बाद सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके योगदान की सराहना की गई। शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों को रक्त उपलब्ध कराने में सहयोग करना और समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
मिशन शक्ति अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से पुलिस विभाग ने सामाजिक जिम्मेदारी, सहयोग और जनसेवा का संदेश दिया। आयोजकों ने लोगों से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की।
संदेश,रक्तदान महादान है। आपका रक्त किसी जरूरतमंद को नया जीवन देने में मदद कर सकता है।








