16 वर्षीय किशोरी और 34 वर्षीय महिला को परिजनों के सुपुर्द किया, पुलिस की कार्रवाई से दो परिवारों को मिली राहत
रानी की सराय, आजमगढ़। मिशन शक्ति 6.0 अभियान के तहत आजमगढ़ की रानी की सराय पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 16 वर्षीय किशोरी और 34 वर्षीय महिला को सकुशल बरामद कर उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से दोनों परिवारों को राहत मिली और परिजनों ने पुलिस टीम के प्रति आभार जताया।

पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 26 अक्टूबर 2026 को रानी की सराय थाना क्षेत्र की एक महिला ने अपनी 16 वर्षीय पुत्री के बिना बताए घर से चले जाने की सूचना देते हुए प्रार्थना पत्र दिया था। वहीं, 25 अक्टूबर को गंभीरपुर थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति ने अपनी 34 वर्षीय पत्नी के गुड हेल्थ मल्टीस्पेशलिटी, चेकपोस्ट रानी की सराय से बिना बताए चले जाने के संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी।
मिशन शक्ति टीम ने की त्वरित कार्रवाई
दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक रानी की सराय के नेतृत्व में मिशन शक्ति टीम ने कार्रवाई की।
पुलिस टीम ने किशोरी उजाला को सकुशल बरामद कर उसकी माता प्रेमशिला देवी तथा महिला ज्ञानमती को उनके पति प्रवेश यादव के सुपुर्द कर दिया।
इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका
बरामदगी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक शाहिद खान, महिला उपनिरीक्षक श्वेता दुबे, महिला आरक्षी सुनीता, जूही पाण्डेय और नीलम वर्मा शामिल रहीं।
यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन नवीन अरोरा और पुलिस उपमहानिरीक्षक आजमगढ़ परिक्षेत्र सुनील कुमार सिंह के निर्देशन तथा एसएसपी डॉ. अनिल कुमार के नेतृत्व में चलाए जा रहे मिशन शक्ति 6.0 अभियान के तहत की गई।








