आजमगढ़। अश्लील सामग्री के प्रसार और धोखाधड़ी से धनराशि लेने के आरोप में एक गिरफ्तार, दो मोबाइल व ₹2,210 नकद बरामद
प्रेस-विज्ञप्ति, दिनांक: 27.10.2026/साइबर सेल/थाना जीयनपुर, जनपद आजमगढ़।
CSEAM (Child Sexual Exploitation and Abuse Material) से संबंधित मुख्यालय पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश से प्राप्त इनपुट पर साइबर सेल एवं थाना जीयनपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन माध्यम से अश्लील सामग्री के प्रसार एवं धोखाधड़ी कर धनराशि प्राप्त करने के आरोप में एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया। अभियुक्त के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन और ₹2,210 नकद बरामद किए गए। मोबाइल फोन की प्रारंभिक जांच में आपत्तिजनक फोटो-वीडियो एवं विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से संबंधित गतिविधियां प्रकाश में आईं। बैंकिंग हिस्ट्री के प्रारंभिक अवलोकन में लगभग ₹4.34 लाख के क्रेडिट ट्रांजेक्शन सामने आए हैं। डिजिटल साक्ष्यों एवं संदिग्ध वित्तीय लेन-देन की विस्तृत जांच जारी है।
पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई
अपर पुलिस महानिदेशक, वाराणसी जोन, वाराणसी श्री नवीन अरोरा, पुलिस उपमहानिरीक्षक, आजमगढ़ परिक्षेत्र श्री सुनील कुमार सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में तथा अपर पुलिस अधीक्षक यातायात श्री पंकज श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण में साइबर अपराधों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में प्राप्त इनपुट पर कार्रवाई करते हुए दिनांक 26.10.2026 को साइबर सेल एवं थाना जीयनपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने अभियुक्त गोपाल चौहान को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्त का नाम व पता
गोपाल चौहान पुत्र रामाशीष चौहान, निवासी असरूपुर, थाना जीयनपुर, जनपद आजमगढ़, उम्र करीब 22 वर्ष।
सोशल मीडिया पर लड़की की पहचान का उपयोग कर संपर्क करने का आरोप
प्रारंभिक पूछताछ एवं मोबाइल फोन की जांच में प्रकाश में आया कि अभियुक्त सोशल मीडिया एवं मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर लड़की की पहचान का उपयोग कर लोगों से संपर्क करता था। इंटरनेट से प्राप्त तस्वीरों तथा अश्लील वीडियो से तैयार स्क्रीनशॉट का उपयोग कर लोगों को आकर्षित करता और टेलीग्राम के माध्यम से अश्लील वीडियो कॉलिंग एवं आपत्तिजनक सामग्री उपलब्ध कराने के नाम पर धनराशि प्राप्त करता था। अभियुक्त द्वारा कुछ व्यक्तियों को स्क्रीनशॉट भेजकर वीडियो उपलब्ध न कराने तथा धोखे से मोबाइल रिचार्ज कराने की बात भी बताई गई है,मोबाइल फोन की प्रारंभिक डिजिटल जांच में विभिन्न अश्लील एवं वयस्क सामग्री से संबंधित वेबसाइटों की सर्च हिस्ट्री, टेलीग्राम पर विभिन्न चैटिंग एवं 18+ ग्रुपों से संबंधित गतिविधियां तथा मोबाइल गैलरी में आपत्तिजनक फोटो एवं वीडियो पाए गए।
बैंकिंग हिस्ट्री में लगभग ₹4.34 लाख के क्रेडिट ट्रांजेक्शन
दिनांक 01.01.2026 से 22.10.2026 तक की उपलब्ध बैंकिंग हिस्ट्री के प्रारंभिक अवलोकन में ₹20 से ₹500 तक की अनेक छोटी धनराशियों के क्रेडिट ट्रांजेक्शन मिले। उक्त अवधि में कुल लगभग ₹4,34,000 की धनराशि क्रेडिट होने के तथ्य प्रकाश में आए हैं,अभियुक्त द्वारा कथित रूप से स्नैपचैट सहित विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लड़की की पहचान का उपयोग कर लोगों से संपर्क करने, टेलीग्राम ग्रुपों एवं चैनलों के माध्यम से सामग्री साझा करने तथा वीडियो कॉलिंग एवं आपत्तिजनक बातचीत के नाम पर धनराशि प्राप्त करने की बात सामने आई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस गतिविधि में मुख्य रूप से 50 वर्ष या उससे अधिक आयु के व्यक्तियों को लक्षित किया जाता था। उक्त तथ्यों का डिजिटल साक्ष्यों एवं बैंकिंग अभिलेखों के आधार पर सत्यापन किया जा रहा है।
बरामदगी का विवरण
02 अदद मोबाइल फोन।
₹2,210 नकद।
पंजीकृत अभियोग
मु0अ0सं0 0446/2026, धारा 317(2), 318(4), 294 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं धारा 67A/67B सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, थाना जीयनपुर, जनपद आजमगढ़।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
थाना जीयनपुर पुलिस टीम: प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक परमात्मा मिश्रा, कांस्टेबल बुटाई शाह, कांस्टेबल अभय प्रताप सिंह, महिला कांस्टेबल शिवांगी राय, कांस्टेबल प्रदीप गुप्ता एवं कांस्टेबल धीरज यादव
साइबर सेल आजमगढ़ टीम: हेड कांस्टेबल ओमप्रकाश जायसवाल, कांस्टेबल राहुल सिंह, कांस्टेबल महेन्द्र मौर्या, कांस्टेबल श्याम कुमार साहनी एवं कांस्टेबल अमित सरोज।








