कोतवाली पुलिस ने हथियापुल से राहुल मोदनवाल को पकड़ा, गर्दन पर किया था चाकू से वार
आजमगढ़, 01 नवंबर 2026। पहाड़पुर में दुकानदार पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने वांछित आरोपी राहुल मोदनवाल (28) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 30 अक्टूबर को पहाड़पुर निवासी मनोज सोनकर अपनी दुकान पर मौजूद थे। इसी दौरान दुकान के बगल में राहुल मोदनवाल और एक अन्य व्यक्ति के बीच विवाद हो रहा था। मनोज ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग करा दिया। आरोप है कि इसके बाद राहुल दोबारा चाकू लेकर पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए मनोज की गर्दन पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में मनोज गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मामले में गुड्डू कुमार सोनकर की तहरीर पर कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। 31 अक्टूबर की रात चौकी प्रभारी पहाड़पुर उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने पुलिस टीम के साथ कार्रवाई करते हुए हथियापुल से रात करीब 10:42 बजे आरोपी राहुल मोदनवाल को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद किया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में शस्त्र अधिनियम की धाराएं भी बढ़ाई गई हैं। पुलिस द्वारा आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार यादव, कांस्टेबल अभिषेक सरोज और पिन्टू यादव शामिल रहे।








