रोजगार मेले में चयनित अभ्यर्थियों को वितरित किया गया नियुक्ति पत्र
आजमगढ़, 02 नवम्बर 2026// उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वपूर्ण योजना रोजगार मिशन के अंतर्गत युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, आजमगढ़ के तत्वावधान में दीदारगंज विधानसभा क्षेत्र के कृषक विद्यालय इंटर कॉलेज, सर्वोदय नगर, मार्टिनगंज में एकदिवसीय विधानसभा स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया।
रोजगार मेले में मैन्युफैक्चरिंग, हेल्थ, इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिकल एवं मार्केटिंग सेक्टर की 20 नामी कंपनियों ने प्रतिभाग किया। मेले में सुबह से ही रोजगार प्राप्त करने के इच्छुक युवाओं की भारी भीड़ उमड़ी। विभिन्न कंपनियों द्वारा अभ्यर्थियों का साक्षात्कार एवं चयन प्रक्रिया आयोजित की गई, जिसमें लगभग 1500 बेरोजगार अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया। इनमें से 430 अभ्यर्थियों का विभिन्न कंपनियों में रोजगार हेतु चयन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में माननीय विधान परिषद सदस्य राम सूरत राजभर के प्रतिनिधि राम सागर राजभर उपस्थित रहे। उन्होंने रोजगार मेले में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। रोजगार मेले के माध्यम से युवाओं को उनकी योग्यता एवं कौशल के अनुरूप रोजगार प्राप्त करने का अवसर मिल रहा है।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व जिला मंत्री श्रीराम स्वारथ राजभर ने रोजगार मेले का निरीक्षण किया तथा विभिन्न कंपनियों के स्टॉल पर जाकर चयन प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने युवाओं को रोजगार के अवसरों का लाभ उठाने तथा अपने कौशल को विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
रोजगार मेले में सर्वोदय महाविद्यालय की प्राचार्या श्रीमती प्रेमलता राय भी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के दौरान सहायक निदेशक सेवायोजन राममूर्ति, जिला सेवायोजन अधिकारी राहुल गोंड, अपर सांख्यिकी अधिकारी मखन्जू राम प्रजापति, कृषक विद्यालय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य ज्योति राम सहित क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय एवं इंटर कॉलेज के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
रोजगार मेले के सफल आयोजन से क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं को रोजगार प्राप्त करने का महत्वपूर्ण अवसर मिला। इस प्रकार के रोजगार मेले युवाओं को निजी क्षेत्र की कंपनियों से जोड़ने तथा उनकी आर्थिक आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।







