दुर्गा प्रतिमा विसर्जन में तेज आवाज में डीजे बजाना पड़ा भारी, निजामाबाद पुलिस ने 2 पिकअप किए सीज, डीजे उपकरण जब्त
आजमगढ़। दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान निर्धारित मानकों का उल्लंघन कर तेज आवाज में डीजे बजाने और डीजे प्रतियोगिता आयोजित करने के मामले में थाना निजामाबाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने आयोजकों एवं डीजे संचालकों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करते हुए दो पिकअप वाहनों को सीज कर डीजे के उपकरण जब्त कर लिए हैं।

पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में ध्वनि प्रदूषण एवं निर्धारित मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 2 नवंबर 2026 को ग्राम रघुनाथपुर में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान विभिन्न दुर्गा पूजा समितियों के अध्यक्षों, सदस्यों और डीजे संचालकों द्वारा पिकअप वाहनों पर निर्धारित मानकों से अधिक क्षमता वाले डीजे साउंड सिस्टम लगाकर तेज आवाज में प्रतियोगिता आयोजित की जा रही थी।

देर रात तक तेज आवाज में डीजे बजने से आम लोगों के साथ बच्चों, बीमार एवं बुजुर्ग व्यक्तियों को काफी परेशानी हो रही थी। पुलिस द्वारा मना किए जाने के बावजूद डीजे की आवाज कम नहीं की गई। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो पिकअप वाहनों को धारा 207 मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया तथा अन्य वाहनों के विरुद्ध ई-चालान की कार्रवाई की।
आयोजकों और संचालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
इस मामले में 3 नवंबर 2026 को उपनिरीक्षक गोपाल प्रसाद मौर्य की तहरीर पर थाना निजामाबाद में मु0अ0सं0 278/2026 के तहत धारा 289/292/293 बीएनएस, ध्वनि प्रदूषण (नियमन एवं नियंत्रण) नियमावली-2000 की धारा 4/6 तथा पर्यावरण संरक्षण अधिनियम-1986 की धारा 15(1) के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया।

भारी मात्रा में डीजे उपकरण जब्त
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 03 एम्पलीफायर, 32 बड़े साउंड बॉक्स, 14 स्पीकर, 03 माइक, 17 मशीन, 14 लेजर लाइट, 02 मिक्सर, 01 इक्वालाइजर, 03 एसआरपी लाइट, 03 स्टेबलाइजर, 09 बोर्ड, 01 तख्त, 02 मेज एवं 03 स्टैंड फैन सहित डीजे उपकरण जब्त किए।
इसके अलावा पिकअप वाहन संख्या UP50 FT 2193 और UP50 T 0622 को सीज किया गया।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक गोपाल प्रसाद मौर्य, कमला प्रसाद, विनोद कुमार यादव, वंशराज दूबे, परमानन्द सिंह, हेड कांस्टेबल मनोज कुमार शर्मा तथा कांस्टेबल सुजित कुमार मौर्य एवं कृष्ण चन्द्र शामिल रहे।







