क्रिकेट प्रैक्टिस नेट और चार हाईमास्ट लाइटों का किया उद्घाटन, सैनिक सम्मेलन में पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनकर दिए निस्तारण के निर्देश
आजमगढ़, 03 नवंबर 2026। जनपद आजमगढ़ में चल रहे वार्षिक निरीक्षण-2026 के द्वितीय दिवस पर अपर पुलिस महानिदेशक, वाराणसी जोन नवीन अरोड़ा ने पुलिस लाइन आजमगढ़ का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परेड की सलामी ली और परेड में शामिल 09 टोलियों का निरीक्षण कर उनके टर्नआउट, अनुशासन एवं प्रदर्शन का जायजा लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन भी किया।

इस अवसर पर पुलिस उपमहानिरीक्षक आजमगढ़ परिक्षेत्र सुनील कुमार सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक, अपर पुलिस अधीक्षक यातायात पंकज श्रीवास्तव सहित जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी एवं अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे, इसके अतिरिक्त विभिन्न जनपदों से आए आईपीएस अधिकारी सम्यक चौधरी (जौनपुर), विक्रम दहिया (चंदौली), राजकुमार मीणा (मिर्जापुर), ऋषभ रुदवाल एवं मेवीस वॉक (सोनभद्र) तथा शुभम अग्रवाल (भदोही) भी निरीक्षण कार्यक्रम में मौजूद रहे।

09 टोलियों की परेड का निरीक्षण, बैंड और डॉग स्क्वायड का लिया जायजा
अपर पुलिस महानिदेशक ने सर्वप्रथम पुलिस लाइन पहुंचकर परेड की सलामी ली। इसके बाद परेड में शामिल कुल 09 टोलियों का निरीक्षण किया। सभी टोलियों को मंच के सामने से गुजारकर उनके टर्नआउट, अनुशासन और साज-सज्जा का जायजा लिया गया। साथ ही अलग-अलग संचालन कराकर उनकी दक्षता एवं अनुशासन की भी जांच की गई निरीक्षण के दौरान पुलिस बैंड पार्टी और डॉग स्क्वायड का भी जायजा लिया गया। परेड में उत्कृष्ट टर्नआउट एवं बेहतर प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मियों को अपर पुलिस महानिदेशक ने सम्मानित किया। इस दौरान विभिन्न जनपदों से आए आईपीएस अधिकारियों ने भी परेड की टोलियों का निरीक्षण किया।

क्रिकेट प्रैक्टिस नेट और चार हाईमास्ट लाइटों का उद्घाटन
वामा सारथी उत्तर प्रदेश पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन के अंतर्गत रिजर्व पुलिस लाइन ग्राउंड में स्थापित क्रिकेट प्रैक्टिस नेट एवं प्रकाश व्यवस्था के लिए लगाई गई चार हाईमास्ट लाइटों का अपर पुलिस महानिदेशक ने उद्घाटन किया इन सुविधाओं से पुलिसकर्मियों एवं उनके परिवार के सदस्यों को क्रिकेट अभ्यास और अन्य खेल गतिविधियों के संचालन में सहूलियत मिलेगी।

पुलिस लाइन की विभिन्न शाखाओं और सुविधाओं का निरीक्षण
परेड के बाद अपर पुलिस महानिदेशक ने पुलिस लाइन परिसर में स्थित विभिन्न शाखाओं एवं व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान डॉग स्क्वायड, डायल-112 के वाहन एवं उनमें उपलब्ध उपकरण, मेस, आरक्षी बैरक, जूडो-कराटे प्रशिक्षण स्थल, जिम, क्रेच नन्ह सितार तथा क्वार्टर गार्ड का जायजा लिया इसके अलावा एमटी शाखा का निरीक्षण कर वाहनों की उपलब्धता, रखरखाव एवं अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पुलिस लाइन की व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित रखने, उपकरणों एवं संसाधनों का उचित रखरखाव करने तथा पुलिसकर्मियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

सैनिक सम्मेलन में सुनीं पुलिसकर्मियों की समस्याएं
निरीक्षण कार्यक्रम के बाद पुलिस लाइन में सैनिक सम्मेलन आयोजित किया गया। इसमें अपर पुलिस महानिदेशक ने पुलिसकर्मियों से उनकी व्यक्तिगत एवं विभागीय समस्याओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।सम्मेलन के दौरान पुलिसकर्मियों ने वेतन संबंधी विसंगतियों सहित अन्य विभागीय समस्याएं उनके समक्ष रखीं।

अपर पुलिस महानिदेशक ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए नियमानुसार एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए अंत में उन्होंने पुलिसकर्मियों को अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और पूर्ण मनोयोग से अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा आमजन के प्रति संवेदनशील एवं सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।







