उत्तर प्रदेश शासन की सचिव/आयुक्त डॉ. रोशन जैकब ने नवनिर्मित प्रयोगशाला का किया निरीक्षण…..
आजमगढ़, 19 मार्च 2026। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग, उत्तर प्रदेश शासन की सचिव/आयुक्त डॉ. रोशन जैकब ने गुरुवार को जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार के साथ जनपद आजमगढ़ में नवनिर्मित क्षेत्रीय जन विश्लेषक प्रयोगशाला एवं कार्यालय भवन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण एवं शेष कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सचिव ने प्रयोगशाला में बाह्य विद्युत संयोजन कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्युत वितरण खंड प्रथम के अधिशासी अभियंता को 27 मार्च 2026 तक यह कार्य पूर्ण करने के लिए कहा। इसके साथ ही प्रयोगशाला में फर्नीचर का कार्य कर रही संबंधित फर्म को भी समयसीमा का पालन करने की सख्त हिदायत दी गई। सचिव ने निर्देशित किया कि 15 अप्रैल 2026 तक लैब फर्नीचर का कार्य हर हाल में पूरा कर लिया जाए।

सचिव डॉ. रोशन जैकब ने कहा कि प्रयोगशाला के शुरू होने के बाद यहां खाद्य पदार्थों एवं औषधियों के नमूनों की वैज्ञानिक जांच की जाएगी, जिससे जनपद सहित आसपास के क्षेत्रों में खाद्य एवं औषधि की गुणवत्ता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी कार्यों को तय समयसीमा में पूरा कर प्रयोगशाला को शीघ्र संचालन योग्य बनाया जाए।

निरीक्षण के दौरान संयुक्त आयुक्त (खाद्य) हरिशंकर सिंह, सहायक आयुक्त (खाद्य) श्रवण कुमार मिश्र, सहायक आयुक्त (औषधि) गोविन्द लाल गुप्ता, सहायक आयुक्त (खाद्य) ग्रेड-2 सुशील कुमार मिश्र, औषधि निरीक्षक सीमा वर्मा सहित यूपीसिडको एवं विद्युत विभाग के अधिकारी और अन्य संबंधित कर्मचारी मौजूद रहे।









