झपट्टा मारकर मोबाइल लूट करते थे शातिर……
आजमगढ़, 24 मार्च 2026। जनपद के जीयनपुर थाना क्षेत्र में मोबाइल लूट की घटना का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 18 मार्च 2026 को ग्राम हरखोरी निवासी अनूपचंद ने तहरीर देकर बताया था कि मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात बदमाशों ने झपट्टा मारकर उनका मोबाइल फोन लूट लिया। इस संबंध में जीयनपुर थाने पर मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस टीम लगातार प्रयासरत थी। इसी क्रम में 23 मार्च को उपनिरीक्षक श्यामजी यादव अपनी टीम के साथ रजादेपुर चौराहे पर मौजूद थे, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि घटना में शामिल दोनों अभियुक्त मोटरसाइकिल से रजादेपुर की ओर आ रहे हैं और लूटे गए मोबाइल को बेचने की फिराक में हैं।
सूचना पर पुलिस ने आनन्द विहार कॉलोनी मार्ग पर घेराबंदी की। कुछ देर बाद एक बाइक पर सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वे भागने लगे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से लूटा गया Samsung Galaxy A03 मोबाइल फोन बरामद हुआ।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान शेषनाथ चौबे निवासी बरोही फत्तेहपुर थाना बिलरियागंज और सचिन कुमार निवासी मार्हाकर्मनाथ पट्टी थाना रौनापार के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, दोनों के खिलाफ पूर्व में भी चोरी और लूट के कई मामले दर्ज हैं।
फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है, साथ ही उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।









