बोर्ड परीक्षा में आधार कार्ड में फोटो टैम्परिंग कर परीक्षा दिलाई जाती थी…..
आजमगढ़। जिले के गम्भीरपुर थाना क्षेत्र में बोर्ड परीक्षा में फर्जीवाड़ा करने वाले संगठित गिरोह के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। दूसरे परीक्षार्थियों के स्थान पर साल्वर बैठाकर परीक्षा दिलाने के मामले में दो वांछित अभियुक्ताओं को गिरफ्तार किया गया है, पुलिस के अनुसार, वर्ष 2025 में माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश, प्रयागराज द्वारा आयोजित हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा को नकल विहीन बनाने के लिए STF और स्थानीय पुलिस द्वारा अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में 6 मार्च 2025 को पंडित कामता प्रसाद इंटर कॉलेज, मुडहर ठेकमा में छापेमारी की गई थी। जांच में सामने आया कि असली परीक्षार्थियों की जगह साल्वर बैठाकर आधार कार्ड में फोटो टैम्परिंग कर परीक्षा दिलाई जा रही थी।
इस अवैध गतिविधि में विद्यालय प्रबंधक विजय तिवारी और प्रधानाचार्य बबिता तिवारी की भूमिका भी सामने आई थी, जो प्रति परीक्षार्थी धनराशि लेकर इस रैकेट का संचालन कर रहे थे। मौके से छह अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया था, जबकि कुछ आरोपी फरार हो गए थे।
विवेचना के दौरान प्रियंका पाल और सीमा का नाम भी प्रकाश में आया था, जिनकी तलाश की जा रही थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत 24 मार्च 2026 को पुलिस टीम ने दोनों अभियुक्ताओं को उनके घरों से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्ताओं की पहचान प्रियंका पाल (निवासी रायपुर, थाना मेहनगर) और सीमा (निवासी मिल्कीपुर, थाना सिधारी) के रूप में हुई है। इस मामले में थाना गम्भीरपुर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा पहले से दर्ज है। पुलिस ने दोनों अभियुक्ताओं को गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक सूरज चौधरी, उपनिरीक्षक विपिन द्विवेदी, कांस्टेबल विवेक यादव, महिला कांस्टेबल अंजली सरोज और महिला कांस्टेबल अनामिका मिश्रा शामिल रहीं।









