सूचना विभाग के पंजीकृत कलाकारों ने गीत-संगीत के माध्यम से आमजन को सरकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी दी…..
आजमगढ़, 26 मार्च 2026। उत्तर प्रदेश सरकार के “नव निर्माण के 09 वर्ष” पूर्ण होने के उपलक्ष्य में हरिऔध कला केंद्र परिसर में आयोजित प्रदर्शनी एवं मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। सूचना विभाग के पंजीकृत कलाकारों ने गीत-संगीत के माध्यम से आमजन को सरकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी दी, जिसे देखने बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं।

नवरात्रि अष्टमी के अवसर पर कलाकार मुन्ना लाल यादव की टीम ने देवी गीतों की प्रस्तुति देकर भक्तिमय माहौल बना दिया। साथ ही विकासपरक गीतों के जरिए सरकार की योजनाओं और नीतियों का भी प्रभावी ढंग से संदेश दिया गया, जिसे दर्शकों ने सराहा।

ग्रामीण क्षेत्रों में भी जागरूकता अभियान चलाया गया। विकास खंड हरैया के करैला और मनिकाडीह गांवों में श्याम कुंवर लोकगीत भोजपुरी बिरहा पार्टी ने लोकगीतों के माध्यम से लोगों को योजनाओं की जानकारी दी और उनका लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।

प्रदर्शनी में पहुंचे लोगों को जिला सूचना अधिकारी डॉ. पंकज कुमार ने विभिन्न स्टॉलों का भ्रमण कराते हुए योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी दी। इस दौरान प्रचार सामग्री भी वितरित की गई। प्रदर्शनी का आकर्षण “योगी की पाती” विशेष स्टॉल रहा, जहां मुख्यमंत्री के संदेशों और प्रेरक विचारों को प्रदर्शित किया गया। इस स्टॉल को दर्शकों का खासा समर्थन मिला।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनपदवासी शामिल हुए और सरकार की योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। प्रदर्शनी का उद्देश्य आमजन को जागरूक कर योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ पहुंचाना है।









