मृतिका की बेटी के द्वारा दी गई तहरीर, दर्ज़ FIR पर कार्रवाई…..
आजमगढ़। जनपद के फूलपुर थाना क्षेत्र में झाड़ू लगाने के मामूली विवाद ने गंभीर रूप ले लिया, जिसमें मारपीट के बाद एक महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम हैबतपुर निवासी पूजा यादव ने 4 अप्रैल 2026 को थाने में तहरीर दी कि 2 अप्रैल की सुबह करीब 7 बजे झाड़ू लगाने को लेकर हुए विवाद में गांव के ही रीमा, मनोरमा, रोहित यादव, मोहित यादव व डब्बू यादव ने उसके साथ और उसकी मां सावित्री यादव के साथ मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान सावित्री यादव को उठाकर पटक दिया गया, जिससे उनकी रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट आई।

घायल सावित्री यादव को उपचार के लिए बीएचयू, वाराणसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के आधार पर थाना फूलपुर में मुकदमा संख्या 125/2026 के तहत संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है।

इसी क्रम में 5 अप्रैल को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी रोहित यादव (28) को लाहीडीह फुटहिया गोदाम के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया जहाँ से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया
पुलिस के द्वारा पूछताछ में आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि वह अपना पक्ष न्यायालय में रखेगा। पुलिस इस मामले मे अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।









