स्वास्थ्य विभाग व प्रशासन की ताबड़तोड़ छापेमारी से मचा ह्ड़कंप….
आजमगढ़, 10 अप्रैल 2026। जनपद में अवैध रूप से संचालित अस्पतालों और पैथोलॉजी केंद्रों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए व्यापक अभियान चलाया। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार के निर्देश और मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा के नेतृत्व में बिलरियागंज व फरिहाँ क्षेत्रों में ताबड़तोड़ छापेमारी की गई, जिसमें कई संस्थान मानकों के विपरीत संचालित पाए गए।

👉डिप्टी सीएमओ डॉ. आलेन्द कुमार के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान बिलरियागंज के चाँदपट्टी स्थित “आंख का अस्पताल एवं चश्मा घर” को पूर्व में नोटिस के बावजूद संतोषजनक जवाब न देने और अवैध ऑपरेशन की सूचना पर तत्काल प्रभाव से सीज़ कर दिया गया। वहीं, जायसवाल डेंटल केयर सेंटर को अपंजीकृत पाए जाने पर तीन दिन का कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
👉 इसके अलावा आजमपुर बाजार स्थित दुबे पैथोलॉजी सेंटर और यूनिक डेंटल केयर सेंटर को भी बिना पंजीकरण संचालित पाए जाने पर नोटिस जारी कर अभिलेख प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

👉 फरिहाँ क्षेत्र में विद्या हेल्थ केयर सेंटर एवं जच्चा-बच्चा केंद्र का निरीक्षण करने पर आवश्यक पंजीकरण अभिलेख न मिलने के कारण उसके ऑपरेशन थियेटर को सीज़ कर दिया गया। साथ ही आयुष पाली क्लीनिक को भी नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है।

👉 मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा ने स्पष्ट कहा कि अवैध और मानकविहीन चिकित्सा संस्थानों को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित समय में अभिलेख प्रस्तुत न करने वाले संस्थानों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें पूर्ण रूप से सीज़ किया जाएगा। साथ ही ऐसे संस्थानों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।









