आजमगढ़ में हिस्ट्रीशीटर कृष्णचन्द्र राय गिरोह के वांछित अभियुक्त के घर मुनादी…..
आजमगढ़। जिले में जमीन के नाम पर ठगी करने वाले संगठित गिरोह के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना कोतवाली और बरदह पुलिस की संयुक्त टीम ने गैंगेस्टर व हिस्ट्रीशीटर कृष्णचन्द्र राय गिरोह के वांछित अभियुक्त संगम राय उर्फ कुंदन राय समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ न्यायालय के आदेश पर धारा 84 बीएनएसएस के तहत मुनादी कराई।
👉 मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश के अनुपालन में यह कार्रवाई तब की गई जब अभियुक्त लगातार फरार चल रहे थे और न्यायालय में आत्मसमर्पण नहीं कर रहे थे। पुलिस ने अभियुक्तों के संभावित ठिकानों पर डुगडुगी बजाकर मुनादी कराई और नोटिस चस्पा करते हुए निर्धारित समय में कोर्ट में उपस्थित होने की चेतावनी दी।
👉 पुलिस के अनुसार, इस गिरोह ने फर्जी नक्शा-नजरी और कूटरचित दस्तावेज तैयार कर जमीन बेचने के नाम पर लोगों को ठगा। थाना कोतवाली में दर्ज एक मामले में ₹33.30 लाख की ठगी सामने आई थी, जबकि जांच में पता चला कि गिरोह ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कुल 13 मामलों में करीब ₹2.87 करोड़ की धोखाधड़ी की है।
👉 गिरोह का सरगना कृष्णचन्द्र राय पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पुलिस के मुताबिक उसकी पत्नी रेनू राय और पुत्र संगम राय उर्फ कुंदन राय भी इस गिरोह में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं, कृष्णचन्द्र राय पर धोखाधड़ी, जालसाजी, लूट और अन्य गंभीर धाराओं में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिससे उसके लंबे आपराधिक इतिहास का पता चलता है।

पुलिस ने बताया कि फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि आरोपियों के संबंध में कोई भी जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि उनकी जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके।










