पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी रहा है….
आजमगढ़, 12 अप्रैल 2026। थाना सरायमीर पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को 08 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह गिरफ्तारी रेलवे पटरी के किनारे घेराबंदी कर की।पुलिस के अनुसार, उपनिरीक्षक अभिषेक सिंह अपनी टीम के साथ क्षेत्र में वांछित अपराधियों की तलाश और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान नन्दांव मोड़ के पास मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम खानकाह से गाहूखोर जाने वाले मार्ग पर रेलवे पटरी किनारे एक व्यक्ति हेरोइन के साथ बैठा हुआ है। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी फूलपुर किरणपाल सिंह को अवगत कराकर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया।
पूछताछ में अभियुक्त ने अपना नाम मनीष सोनकर पुत्र श्यामलाल उर्फ तेजू सोनकर निवासी पूनापोखर, थाना सरायमीर बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक सफेद पॉलिथीन में 08 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौल के बाद बरामदगी की पुष्टि की गई। वैध कागजात न दिखा पाने पर पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ मु0अ0सं0 94/2026 के तहत धारा 8/21 NDPS एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि वह अपनी सफाई न्यायालय में पेश करेगा।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ पहले से ही NDPS एक्ट, शस्त्र अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में कुल 6 मुकदमे दर्ज हैं। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक अभिषेक सिंह, उपनिरीक्षक पंकज यादव, अलोक शुक्ला समेत पुलिस टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।









